ओलंपिक 2028 से पहले रूसी खिलाड़ियों के तटस्थ दर्जे की समीक्षा खत्म करेगा आईओसी

Ads

ओलंपिक 2028 से पहले रूसी खिलाड़ियों के तटस्थ दर्जे की समीक्षा खत्म करेगा आईओसी

  •  
  • Publish Date - July 7, 2026 / 09:18 PM IST,
    Updated On - July 7, 2026 / 09:18 PM IST

लुसाने, सात जुलाई (एपी) अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) ने मंगलवार को ओलंपिक खेल संस्थाओं को सलाह दी कि वे 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक के क्वालीफाइंग टूर्नामेंटों से पहले रूसी खिलाड़ियों को तटस्थ दर्जा देने के लिए चल रहे तीन साल पुराने समीक्षा कार्यक्रम को खत्म कर दें।

इस कदम की अपेक्षा की जा रही थी क्योंकि आईओसी ने दो महीने पहले सुझाव दिया था कि यूक्रेन पर सैन्य हमले में रूस के साथी बेलारूस के खिलाड़ियों को फिर से अपने देश के ध्वज के साथ खेलने की अनुमति दी जाये ।

आईओसी ने अपने कार्यकारी बोर्ड की बैठक के बाद कहा ,‘‘ आईओसी यूक्रेन के ओलंपिक समुदाय के साथ एकजुटता से खड़ी है और युद्ध शुरू होने के समय से ही ओलंपिक आंदोलन इसके साथ है और आगे भी रहेगा ।’’

आईओसी ने रूसी खिलाड़ियों और टीमों के लिए अपने टूर्नामेंटों में शामिल होने की शर्तों में ढील दी है और साथ ही अक्टूबर 2023 से रूसी ओलंपिक समिति पर लगे निलंबन को भी अस्थायी रूप से हटा दिया है।

पेरिस ओलंपिक 2024 में रूस और बेलारूस के सिर्फ 32 खिलाड़ियों ने तटस्थ खिलाड़ियों के तौर पर हिस्सा लेकर पांच पदक जीते थे । वहीं तोक्यो ओलंपिक 2020 में रूस के 300 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लेकर 71 पदक जीते थे ।

आईओसी ने अभी तक रूसी खिलाड़ियों और टीमों को उनके ध्वज और राष्ट्रगान के साथ भाग लेने की अनुमति नहीं दी है । बयान में कहा गया कि यह फैसला उचित समय पर लिया जायेगा ।

एपी

मोना सुधीर

सुधीर