(PF Account Transfer/ Image Credit: AI-generated)
नई दिल्ली: PF Account Transfer: EPFO ने एडवांस पीएफ की सीमा को बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दिया है। पहले यह सुविधा सिर्फ 1 लाख रुपये तक सीमित थी। अब कर्मचारियों को छोटे-छोटे कामों के लिए लंबी प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा। नए सिस्टम में क्लेम करते समय ही कर्मचारी को पता चल जाएगा कि वह कितनी राशि निकाल सकता है। आवेदन में गलती होने पर भी सिस्टम पहले ही जानकारी देगा। जिससे क्लेम रिजेक्ट होने की संभावना कम होगी। मंजूरी के बाद पैसा सीधे कर्मचारी के बैंक खाते में भेज दिया जाएगा।
निजी क्षेत्र में नौकरी बदलने वाले कर्मचारियों के लिए यह सबसे बड़ी राहत मानी जा रही है। नए सिस्टम के तहत नौकरी बदलने पर पीएफ ट्रांसफर की प्रक्रिया आसान हो जाएगी। कर्मचारियों को अलग से फॉर्म भरने या पुरानी कंपनी से मंजूरी लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी। पीएफ का डेटा केंद्रीय स्तर पर सुरक्षित होने के कारण देश के किसी भी हिस्से से कर्मचारी अपनी सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। एक ही पोर्टल पर बैलेंस, क्लेम स्टेटस और सर्विस रिकॉर्ड जैसी जानकारी उपलब्ध होगी।
EPFO की नई व्यवस्था से ब्याज जमा करने की प्रक्रिया भी तेज हुई है। करीब 34 करोड़ पीएफ खातों में 8.25 प्रतिशत की दर से ब्याज क्रेडिट करने की प्रक्रिया को आसान बनाया गया है। नई व्यवस्था में क्लेम की अंतिम मंजूरी तक खाते पर ब्याज मिलने का लाभ भी सदस्यों को मिलेगा। इससे कर्मचारियों को आर्थिक रूप से फायदा होगा।
EPFO के डिजिटल बदलाव का लाभ ईपीएस पेंशनधारकों को भी मिलेगा। अब पेंशनधारक देश के किसी भी पीएफ कार्यालय में जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं। इसके अलावा पेंशन को किसी भी बैंक खाते में प्राप्त करना आसान होगा। नए सिस्टम से कर्मचारियों और पेंशनधारकों दोनों को तेज, सरल और सुविधाजनक सेवाएं मिलने की उम्मीद है।