ईरान की विश्व कप टीम मेक्सिको पहुंची, खिलाड़ियों ने स्कूल हमले के मृतको की याद में पिन पहने
ईरान की विश्व कप टीम मेक्सिको पहुंची, खिलाड़ियों ने स्कूल हमले के मृतको की याद में पिन पहने
टिजूआना (मैक्सिको) आठ जून (एपी) फीफा विश्व कप में भाग लेने के लिए ईरान की टीम मेक्सिको पहुंची तो खिलाड़ियों ने अपने जैकेट पर ऐसे ‘लेपल पिन’ लगाए थे जो पश्चिम एशिया में युद्ध के शुरुआती दौर में एक प्राथमिक स्कूल पर हुए घातक मिसाइल हमले के पीड़ितों की याद दिला रहे थे।
खिलाड़ियों को रविवार को टिजुआना में विमान से उतरते समय ‘168’ अंक लिखे हुये सुनहरे रंग के पिन के साथ देखा गया। यह संख्या उस हमले में मारे गए लोगों की थी जिनमें ज्यादातर बच्चे थे।
यह हमला 28 फरवरी को दक्षिणी ईरान के मिनाब में हुआ था । इस हमले का आरोप अमेरिका पर लगा था।
हंगरी स्थित ईरान के दूतावास ने सोशल मीडिया पर रविवार को इन पिन का जिक्र करते हुए इसे मिनाब की घटना से जोड़ा था।
ईरान की टीम ने इससे पहले मार्च में तुर्किए के अंताल्या में एक अभ्यास मैच से पहले भी इस तरह की पिन के साथ हमले में मारे गये लोगों को श्रृद्धांजलि दी थी। ईरान के खिलाड़ियों ने इस अभ्यास मैच से पहले राष्ट्रगान के दौरान गुलाबी और बैगनी रंग का स्कूल बैग भी लिया हुआ था।
संयुक्त राष्ट्र और मानवाधिकार समूहों ने इस हमले की कड़ी आलोचना की है। अमेरिका और इजराइल ने अब तक इस हमले की जिम्मेदारी स्वीकार नहीं की है। अमेरिकी सेना जांच कर रही है और कहा है कि वह कभी भी नागरिकों को निशाना नहीं बनाएगी।
ईरान की टीम शनिवार को अंताल्या से टिजुआना के लिए निजी विमान से आई। टीम ने अपनी योजना में दो सप्ताह पहले बदलाव करते हुए अमेरिका के बजाय मेक्सिको में अभ्यास शिविर लगाने का फैसला किया था।
ईरान हालांकि ग्रुप चरण के अपने तीनों मैच अमेरिका में खेलेगा, जहां खिलाड़ियों के लिए वीजा की प्रक्रिया में देरी हुई है और कुछ प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को वीजा नहीं मिला।
यह हालांकि स्पष्ट नहीं है कि ईरान टीम को 15 जून को इंगलवुड (लॉस एंजेलिस के पास) में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले अपने शुरुआती मैच से पहले अमेरिका में प्रवेश की अनुमति कब मिलेगी।
टीम मैचों के बीच टिजुआना लौटेगी और 21 जून को बेल्जियम से खेलने इंगलवुड जाएगी, फिर 26 जून को मिस्र के खिलाफ सिएटल में खेलेगी।
ईरान और अमेरिका की टीमें अपने-अपने ग्रुप में अगर दूसरा स्थान हासिल करती हैं तो तीन जुलाई को डलास काउबॉय स्टेडियम में अंतिम 32 मैच में एक दूसरे के सामने हो सकती है।
भाषा आनन्द सुधीर
सुधीर

Facebook


