भारत में एफवन रेस होना शानदार होगा: एलेक्स एल्बोन

Ads

भारत में एफवन रेस होना शानदार होगा: एलेक्स एल्बोन

  •  
  • Publish Date - April 22, 2026 / 08:25 PM IST,
    Updated On - April 22, 2026 / 08:25 PM IST

नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (भाषा) भारत में फॉर्मूला वन (एफवन) की वापसी के प्रयासों के बीच विलियम्स के ड्राइवर एलेक्स एल्बोन ने बुधवार को कहा कि इसकी वापसी ‘शानदार’ होगी और वह इसका हिस्सा बनने के लिए ‘उत्साहित’ होंगे।

इंडियन ग्रांप्री 2011 से 2013 तक आयोजित की गई थी, लेकिन कर और नौकरशाही संबंधी बाधाओं के कारण इसे बंद कर दिया गया था।

खेल मंत्री मनसुख मांडविया अब 2027 सत्र से एफवन को भारत में वापस लाने के लिए प्रयासरत हैं।

एल्बोन ने ‘फैनकोड’ द्वारा आयोजित चुनिंदा संवाददाताओं से बातचीत में पीटीआई के प्रश्न के जवाब में कहा, ‘‘भारत में रेस होना शानदार होगा। मैं वहां ड्राइव करने के लिए उत्साहित रहूंगा। मैंने जो सुना है, उसके अनुसार हाल ही में पूरे भारत में एफवन के प्रति काफी रुचि देखी गई है।’’

भारत में ग्रेटर नोएडा के बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट ने इस रेस के तीन सत्रों की मेजबानी की थी।

एल्बोन ने कहा, ‘‘मुझे इस ट्रैक पर गाड़ी चलाने का मौका कभी नहीं मिला। यह एक शानदार सर्किट लगता है और मुझे लगता है कि उस समय ड्राइवरों ने इसका खूब आनंद लिया होगा। शायद फर्नांडो (अलोंसो) और लुईस (हैमिल्टन) को बाकी सभी से थोड़ा फायदा होगा।’’

चार बार के विश्व चैंपियन सेबेस्टियन वेटेल ने उस समय रेड बुल रेसिंग टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए इंडियन जीपी के तीनों सत्र जीते थे।

भारत को एक बार फिर इस खेल के लिए एक प्रमुख विकास बाजार के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि फॉर्मूला वन ने हाल ही में कहा है कि देश में उसके 79 मिलियन प्रशंसक हैं, फिर भी 2027 में रेस होने की संभावना कम है।

भाषा आनन्द सुधीर

सुधीर