जेमिमा और लैनिंग की अर्धशतकीय पारियों से दिल्ली कैपिटल्स ने चार विकेट पर 192 रन बनाये

जेमिमा और लैनिंग की अर्धशतकीय पारियों से दिल्ली कैपिटल्स ने चार विकेट पर 192 रन बनाये

जेमिमा और लैनिंग की अर्धशतकीय पारियों से दिल्ली कैपिटल्स ने चार विकेट पर 192 रन बनाये
Modified Date: March 5, 2024 / 09:53 pm IST
Published Date: March 5, 2024 9:53 pm IST

नयी दिल्ली, पांच मार्च (भाषा) कप्तान मेग लैनिंग और जेमिमा रोड्रिग्स के तूफानी अर्धशतकों की मदद से दिल्ली कैपिटल्स ने मंगलवार को यहां महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के मुकाबले में मुंबई इंडियंस के खिलाफ चार विकेट पर 192 रन बनाये।

लैनिंग ने छह चौके और दो छक्के की मदद से 38 गेंद में 53 रन की पारी खेली। मौजूदा सत्र में अपने तीसरे अर्धशतक के साथ उन्होंने तीन उपयोगी साझेदारियां की।

जेमिमा ने इसके बाद 33 गेंदों में आठ चौके और तीन छक्के लगाकर नाबाद 69 रन बनाये और टीम को 200 रन के के करीब पहुंचाया। शेफाली वर्मा (28) और ऐलिस कैप्सी (19) ने भी आक्रामक पारियां खेली।

मुंबई इंडियन्स के लिए पूजा वस्त्राकर सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रही। उन्होंने चार ओवर में 20 रन देकर एक विकेट लिया। साइका इशाक (29 रन पर एक विकेट), शबनीम इस्माइल (46 रन पर एक विकेट) और हेले मैथ्यूज (23 रन पर एक विकेट) विकेट लेने वाले अन्य गेंदबाज थे।

बेंगलुरु चरण की शानदार सफलता के बाद डब्ल्यूपीएल का कारवां दिल्ली पहुंचा लेकिन मैदान का ज्यादातर हिस्सा दर्शकों से खाली रहा।

अरुण जेटली स्टेडियम में दर्शकों की बेरुखी के बावजूद दिल्ली के बल्लेबाजों का हौसला कम नहीं हुआ। लैनिंग और शेफाली ने टीम को ताबड़तोड़ शुरुआत दिलायी।

शेफाली ने तेज गेंदबाज शबनीम के खिलाफ दो चौके जड़े। तीसरे ओवर में  इशाक ने उनका कैच टपकाकर जीवन दान दिया।

लैनिंग ने नैट सिवर ब्रंट के खिलाफ मैच का पहला छक्का जड़ा। उन्होंने इसी ओवर में चौका भी लगाया जिससे टीम ने 14 रन बटोरे।

शेफाली ने भी इसके बाद शबनीम के खिलाफ लगातार गेंदों पर छक्का लगाया लेकिन इस गेंदबाज ने उन्हें आउट कर बदला पूरा किया।

पावरप्ले के बाद दिल्ली का स्कोर एक विकेट पर 56 रन था।

कैप्सी ने लैनिंग के अच्छे से साथ दिया। वह 10वें ओवर में हेले मैथ्यूज की गेंद पर रिवर्स स्वीप खेलने  की कोशिश में गेंद को स्टंप पर मार बैठी। उन्होंने इससे पहले तीन चौकों की मदद से 31 रन जोड़े।

लैनिंग ने 12वें ओवर में अमेलिया केर की गेंद पर दो चौके और एक छक्का लगाया, जिन्होंने उस ओवर में 20 रन दिए। इसी ओवर में दिल्ली ने 100 रन का आंकड़ा पूरा किया।

उन्होंने अगले ओवर पूजा के खिलाफ चौका लगाकर 36 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह हालांकि अगले ही गेंद पर आउट हो गयी।

इसके बाद मुंबई ने वापसी की कोशिश की, लेकिन जेमिमा ने लगातार बाउंड्री लगाकर रन रेट को बढ़ा दिया। दिल्ली कैपिटल्स ने आखिरी पांच ओवरों में 69 रन बनाए।

जेमिमा ने 19वें ओवर में साइवर-ब्रंट की गेंद पर छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया।

भाषा आनन्द पंत

पंत


लेखक के बारे में