जोस बटलर को उम्मीद, कुछ दिन के आराम से आईपीएल में मदद मिलेगी
जोस बटलर को उम्मीद, कुछ दिन के आराम से आईपीएल में मदद मिलेगी
लंदन, 19 मार्च (भाषा) इंग्लैंड के शीर्ष बल्लेबाज जोस बटलर ने कहा है कि टी20 विश्व कप के निराशाजनक अभियान के बाद कुछ दिन तक क्रिकेट से दूर रहने से उन्हें इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में मदद मिलेगी जिसमें वह गुजरात टाइटन्स के साथ एक नई शुरुआत करना चाहते हैं।
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान बटलर को टीम का समर्थन मिलता रहा, भले ही भारत और श्रीलंका में खेले गए टी20 विश्व कप के दौरान वह रन बनाने के लिए संघर्ष करते रहे थे।
विश्व कप में इंग्लैंड की ओर से पारी की शुरुआत करते हुए बटलर ने आठ मैचों में केवल 87 रन बनाए। उनका औसत 10.87 और स्ट्राइक रेट 116 रहा। इंग्लैंड की टीम मुंबई में सेमीफाइनल में भारत से हारने के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी।
इस 35 वर्षीय खिलाड़ी को उम्मीद है कि पांच मार्च को सेमीफाइनल में हारने के बाद उन्हें विश्राम करने का जो मौका मिला है उससे उन्हें 28 मार्च से शुरू होने वाले आईपीएल में मदद मिलेगी।
बटलर ने ‘फॉर द लव ऑफ क्रिकेट’ पॉडकास्ट पर कहा, ‘‘मैं क्रिकेट से पूरी तरह दूर रहा। यह उस समय मेरे लिए बिल्कुल सही था। मुझे ठीक इसी की जरूरत थी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जाहिर है विश्व कप में मैं जिस तरह का प्रदर्शन करना चाहता था वैसे नहीं कर पाया। मुझे क्रिकेट से कुछ समय के लिए दूर रहने और खेल के बारे में न सोचने की जरूरत महसूस हुई। उस सप्ताह मैं क्रिकेट से पूरी तरह से दूर रहा। इससे मुझे काफी ताजगी मिली।’’
आईपीएल 2022 का विजेता गुजरात टाइटन्स 31 मार्च को पंजाब किंग्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा।
बटलर ने कहा, ‘‘धीरे-धीरे लेकिन निश्चित रूप से मैं थोड़ा आत्मचिंतन करना शुरू कर रहा हूं और इस बारे में कुछ सोच रहा हूं कि मेरे लिए और मेरे क्रिकेट के लिए क्या महत्वपूर्ण है। यह वैसा क्यों नहीं हुआ जैसा मैं चाहता था।’’
भाषा
पंत
पंत

Facebook


