जूडो खिलाड़ी उन्नति शर्मा ने राष्ट्रमंडल खेलों में जीता कांस्य पदक

Ads

जूडो खिलाड़ी उन्नति शर्मा ने राष्ट्रमंडल खेलों में जीता कांस्य पदक

  •  
  • Publish Date - August 1, 2026 / 10:02 PM IST,
    Updated On - August 1, 2026 / 10:02 PM IST

ग्लास्गो, एक अगस्त (भाषा) भारतीय जूडो खिलाड़ी उन्नति शर्मा ने शनिवार को यहां राष्ट्रमंडल खेलों में महिलाओं के 63 किग्रा से कम भार वर्ग में दक्षिण अफ्रीका की स्काई नोएस्टर को इप्पोन के जरिए हराकर कांस्य पदक जीत लिया।

उन्नति ने शानदार तकनीक का प्रदर्शन करते हुए अपने पैर से स्काई का संतुलन बिगाड़ा और फिर उन्हें पीठ के बल पटककर इप्पोन हासिल कर मुकाबला महज एक मिनट सात सेकेंड में खत्म कर दिया। जूडो में इप्पोन सबसे बड़ा स्कोर होता है और इसके साथ ही मुकाबला तुरंत समाप्त हो जाता है।

इससे पहले उन्नति को सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया की साया मिडिलटन से हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन उन्होंने जोरदार वापसी करते हुए कांस्य पदक जीतकर पोडियम पर अपनी जगह सुनिश्चित की।

हालांकि इनुंगानबी तकेल्लाम्बम (महिलाओं के 70 किग्रा से कम भार वर्ग) और करणजीत सिंह मान (पुरुषों के 90 किग्रा से कम भार वर्ग) का अभियान समाप्त हो गया। दोनों को रेपेशॉज राउंड के जरिए वापसी का मौका मिला था, लेकिन वे इसका फायदा उठाने में नाकाम रहे।

उन्नति ने अपने अभियान की शुरुआत प्री-क्वार्टर फाइनल में ईस्वातिन की लामुलेला मगागुला पर एक मिनट 39 सेकेंड में इप्पोन के जरिए शानदार जीत के साथ की।

क्वार्टर फाइनल में उन्नति ने न्यूजीलैंड की कोना क्रिस्टी को कड़े मुकाबले में हराया। उन्होंने पहले एक युको अंक अर्जित किया और फिर वाजा-आरी के दम पर जीत दर्ज कर अंतिम चार में जगह बनाई।

पुरुषों के 81 किग्रा वर्ग में टोकस को क्वार्टर फाइनल में साइप्रस के ओडिसियस जॉर्जाकिस के खिलाफ 0-1 से करीबी हार का सामना करना पड़ा। टोकस वापसी करते हुए रेपेशॉज मुकाबले में समोआ के पेनियामिना पर्सिवल पर जीत दर्ज करने में सफल रहे।

करणजीत ने पुरुषों के 90 किग्रा से कम भार वर्ग में न्यूजीलैंड के एलियट कोनोली को तीन मिनट 29 सेकेंड में इप्पोन के जरिए हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। लेकिन अंतिम आठ के मुकाबले में वह कनाडा के गियोम गॉलिन से तीन मिनट और 29 सेकेंड में हार गए।

फिर रेपेशॉज राउंड में वह घरेलू प्रबल दावेदार स्कॉट क्यूसाक से हार गए।

महिलाओं के 70 किग्रा से कम वजन वर्ग के क्वार्टर फाइनल में इनुंगानबी तकेल्लाम्बम कनाडा की चार्ली थिबॉल्ट से तीन मिनट 23 सेकेंड में इप्पोन से हार गईं। इनुंगानबी को रेपेशॉज राउंड में खेलने का मौका मिला लेकिन वह इस मौके का फायदा नहीं उठा सकीं और इंग्लैंड की जेमिमा यिट्स ब्राउन से हार गईं।

भाषा नमिता मोना

मोना