केन विलियमसन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा
केन विलियमसन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा
क्राइस्टचर्च / लंदन, 12 जून (भाषा) न्यूजीलैंड के दिग्गज बल्लेबाज केन विलियमसन ने 15 बरस से अधिक के सुनहरे कैरियर के बाद शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से विदा लेने की घोषणा की ।
इसके साथ ही न्यूजीलैंड क्रिकेट में तीनों प्रारूपों में एक युग का अंत हो गया । विलियमसन ने 2025 में ही टी20 प्रारूप से संन्यास ले लिया था ।
विलियमसन ने न्यूजीलैंड क्रिकेट द्वारा जारी बयान में कहा ,‘‘ मैने इस पर काफी सोचा और पिछले कुछ दिन से लग रहा था कि यह सही समय है । अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के लिये मेरे भीतर हमेशा मजबूत इच्छाशक्ति और ललक रही है और मुझे इस बात में गर्व है कि न्यूजीलैंड के लिये हर मैच में मैने अपना सब कुछ दिया है ।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ इससे कम पर खेलते रहना सही नहीं होगा और मैं खुशकिस्मत हूं कि अपने हिसाब से मैने यह फैसला लिया है ।’’
35 वर्ष के विलियमसन ने न्यूजीलैंड के लिये विभिन्न प्रारूपों में 19346 रन बनाये हैं जिनमें टेस्ट क्रिकेट में 33 शतक और छह दोहरे शतक समेत 9500 से अधिक रन हैं ।
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने कहा ,‘‘ हमारे महानतम खिलाड़ियों में से एक विदा हो रहा है । केन विलियमसन ने त्वरित प्रभाव से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का फैसला किया है ।’’
विलियमसन इस समय इंग्लैंड में टेस्ट श्रृंखला खेल रहे हैं जिसमें न्यूजीलैंड पहला मैच 115 रन से हार गई थी ।
भाषा मोना
मोना

Facebook


