करुण और स्मरण के दोहरे शतक, कर्नाटक ने पांच विकेट पर 586 रन पर पारी घोषित की
करुण और स्मरण के दोहरे शतक, कर्नाटक ने पांच विकेट पर 586 रन पर पारी घोषित की
तिरूवनंतपुरम, दो नवंबर (भाषा) अनुभवी बल्लेबाज करुण नायर (233 रन) और रविचंद्रन स्मरण (नाबाद 220 रन) के दोहरे शतक की बदौलत कर्नाटक ने रविवार को यहां रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप बी मैच के दूसरे दिन केरल के खिलाफ पहली पारी पांच विकेट पर 586 रन पर घोषित की।
कर्नाटक के तेज गेंदबाज विद्वथ कावेरप्पा और वी विजयकुमार के नयी गेंद से अच्छी गेंदबाजी से स्टंप तक केरल का स्कोर तीन विकेट पर 21 रन कर दबदबा बना लिया। मेजबान टीम 565 रन से पीछे है।
करुण (389 गेंद, 25 चौके, दो छक्के) और स्मरण (390 गेंद, 16 चौके, तीन छक्के) ने चौथे विकेट के लिए 343 रन की बड़ी साझेदारी की।
इंग्लैंड दौरे के बाद भारतीय टीम से बाहर किए जाने वाले करुण ने सुबह 142 रन से आगे खेलना शुरू किया। उन्होंने कुछ दिन पहले शिमोगा में गोवा के खिलाफ नाबाद 174 रन बनाकर शतीय पारी खेली थी। उसके बाद यह उनका लगातार दूसरा सैकड़ा है।
स्मरण ने दिन की शुरुआत 88 रन से की और सत्र का अपना पहला शतक जड़ने के बाद इसे दोहरे शतक में बदल दिया। यह 11 प्रथम श्रेणी मैच में उनका दूसरा दोहरा शतक है।
पहले दो दौर में खराब प्रदर्शन के बाद कर्नाटक और केरल दोनों को अंक तालिका में ऊपर पहुंचने के लिए जीत की जरूरत है।
नासिक में बारिश और गीली आउटफील्ड के कारण दिन का खेल सिर्फ 12 ओवर तक ही सीमित रहा। सौराष्ट्र ने दिन का खेल खत्म होने तक एक विकेट पर 61 रन बनाए थे। शनिवार को पहले दिन का पूरा खेल बारिश के कारण धुल गया था।
वहीं इंदौर में एक अन्य मैच में मध्य प्रदेश ने चंडीगढ़ के खिलाफ हरप्रीत सिंह भाटिया (116 रन) के शतक और वेंकटेश अय्यर (65 रन) के अर्धशतक से स्टंप तक पहली पारी में आठ विकेट पर 384 रन बना लिए थे। चंडीगढ़ के लिए जगजीत सिंह संधू ने 69 रन देकर पांच विकेट झटके।
पंजाब की टीम न्यू चंडीगढ़ में पहली पारी में 325 रन पर सिमट गई जिसके जवाब में गोवा ने बिना विकेट गंवाए 92 रन बना लिए। पंजाब के लिए उदय सहारन ने 126 रन और सलिल अरोड़ा ने 63 रन की पारी खेली।
भाषा नमिता सुधीर
सुधीर

Facebook


