मुंबई, 30 जुलाई (भाषा) स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने बृहस्पतिवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले अजिंक्य राहणे की तारीफ करते हुए उन्हें अपना ‘पसंदीदा टेस्ट बल्लेबाजी साझेदार’ बताया जबकि महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने उनके करियर की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने कभी ‘महत्वपूर्ण पलों का पीछा नहीं किया।’
भारत के लिए अपना आखिरी मैच खेले के तीन साल बाद 38 वर्षीय राहणे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा की। उन्होंने 2011 से 2023 के बीच भारत के लिए 85 टेस्ट, 90 एकदिवसीय और 20 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले।
कोहली और राहणे ने भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में बल्लेबाजी करते हुए 10 शतकीय और 19 अर्धशतकीय साझेदारियां कीं। उनकी सर्वश्रेष्ठ साझेदारी इंदौर में न्यूजीलैंड के खिलाफ 365 रन की रही जिसमें कोहली ने 211 और राहणे ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 188 रन की पारी खेली।
कोहली ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘जिंक्स, शानदार करियर के लिए बधाई। आपने भारतीय क्रिकेट के लिए शानदार योगदान दिया है और अपनी यात्रा पर गर्व कर सकते हैं। स्लिप में सबसे सुरक्षित खिलाड़ियों में से एक और मेरे पसंदीदा टेस्ट बल्लेबाजी साझेदार। आपके उज्जवल भविष्य की कामना करता हूं।’’
तेंदुलकर ने उस समय को याद किया जब उन्होंने मुंबई की ओर से रणजी ट्रॉफी में पहली बार इस प्रतिभाशाली युवा बल्लेबाज के साथ बल्लेबाजी की थी।
तेंदुलकर ने सोशल मीडिया मंच पर लिखा, ‘‘शानदार करियर के लिए बधाई। जब हमने पहली बार मुंबई के लिए साथ बल्लेबाजी की तब मैंने ऐसे खिलाड़ी को देखा जो कभी महत्वपूर्ण पलों का पीछा नहीं करता था। वे पल खुद आपके पास आए क्योंकि आप टीम के लिए कड़ी मेहनत करने को तैयार रहते थे। यही गुण ऑस्ट्रेलिया में आपकी सबसे यादगार उपलब्धि की पहचान बना।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आपने दिखाया कि धैर्य आक्रामकता का विपरीत नहीं है, बल्कि अक्सर वही किसी टीम को निडर होकर खेलने का आत्मविश्वास देता है। शानदार करियर के लिए बधाई। आपको और आपके परिवार को भविष्य के लिए मेरी शुभकामनाएं।’
पूर्व बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने कहा कि यह सीनियर बल्लेबाज अपने करियर पर बहुत गर्व कर सकता है।
पुजारा ने एक्स पर लिखा, ‘‘अजिंक्य आपको ऐसे करियर के लिए बधाई जिस पर आप बेहद गर्व कर सकते हैं। आपके साथ ड्रेसिंग रूम साझा करना मेरे लिए सम्मान की बात रही है। आपको और आपके परिवार को नई पारी के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।’’
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने कहा, ‘‘ एक शानदार करियर का अंत हो गया। भारतीय क्रिकेट में आपके अमूल्य योगदान और कई अमिट यादों के लिए आपका आभार। आपको नहीं पारी के लिए शुभकामनाएं।’’
भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने मैदान पर रहाणे के जुझारूपन की सराहना की।
सहवाग ने 2020-2021 में ऑस्ट्रेलिया में भारत की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी जीत का जिक्र करते हुए लिखा, ‘‘भारत के सबसे कम आंके जाने वाले क्रिकेटरों में से एक और वह व्यक्ति जिसने भारत को विदेशों में टेस्ट सीरीज में अब तक की सबसे बड़ी जीत दिलाई। अंजिक्य रहाणे। शांत, मजबूत। कभी शोर नहीं किया और अपना सर्वश्रेष्ठ देता रहा।’’
रहाणे ने नियमित कप्तान कोहली की अनुपस्थिति में ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट श्रृंखला में 2-1 से ऐतिहासिक जीत दिलाई थी।
भारत की दो बार ओलंपिक पदक जीतने वाली बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू ने 2014 के दौरे पर लॉर्ड्स में रहाणे की 103 रन की पारी को याद किया, जिसने उस मैच में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई।
सिंधू ने लिखा, ‘‘आपको संन्यास के बाद की खुशनुमा जिंदगी के लिए शुभकामनाएं अजिंक्य। आपका करियर साहस, धैर्य और बेहद कठिन परिस्थितियों में खेली गई कुछ अविश्वसनीय पारियों का प्रमाण रहा है। 2014 में लॉर्ड्स में सबसे मुश्किल परिस्थितियों में खेली गई आपकी वह शानदार 103 रन की पारी हमेशा यादगार रहेगी।’’
भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने एक खिलाड़ी और एक कप्तान के रूप में रहाणे के संयम की सराहना की।
धवन ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘‘अजिंक्य कितने दौरे, कितने ड्रेसिंग रूम और कितनी यादें। कप्तान के रूप में भी तुझे उतना ही शांत देखा और टीम के साथी के रूप में भी उतना ही भरोसेमंद। बाहर से हमेशा शांत लेकिन अंदर से भारत के लिए लड़ने वाला इंसान। अब अगला अध्याय भी उतना ही खूबसूरत हो।’’
मुंबई क्रिकेट संघ के अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने कहा कि रहाणे मुंबई क्रिकेट के सर्वश्रेष्ठ दूत में से एक थे।
नाइक ने कहा, ‘‘अजिंक्य रहाणे के संन्यास से भारतीय क्रिकेट के एक उल्लेखनीय अध्याय समाप्त हो गया है। उनकी लगन, दबाव में भी शांत रहने की क्षमता और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने प्रतिबद्धता ने उन्हें मुंबई क्रिकेट के सर्वश्रेष्ठ दूत में से एक बना दिया। उनकी विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।’’
भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने ऑस्ट्रेलिया में रहाणे के योगदान की सराहना करते हुए लिखा, ‘‘आपको अपने शानदार करियर के लिए बधाई अजिंक्य। क्रिकेट के मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के कुछ यादगार पलों के लिए धन्यवाद। भविष्य के लिए शुभकामनाएं दोस्त।’’
भाषा सुधीर नमिता
नमिता