यूरोप के जंगलों में भड़की आग: जॉर्ज और अमाल क्लूनी को छोड़ना पड़ा फ्रांस का घर

Ads

यूरोप के जंगलों में भड़की आग: जॉर्ज और अमाल क्लूनी को छोड़ना पड़ा फ्रांस का घर

  •  
  • Publish Date - July 30, 2026 / 08:15 PM IST,
    Updated On - July 30, 2026 / 08:15 PM IST

लॉस एंजिल्स, 30 जुलाई (भाषा) यूरोप के कई हिस्सों में जंगलों में भड़की भीषण आग के कारण हॉलीवुड अभिनेता जॉर्ज क्लूनी और उनकी पत्नी, मानवाधिकार वकील अमाल क्लूनी को दक्षिण-पूर्वी फ्रांस स्थित अपना घर खाली करना पड़ा है।

‘पीपल’ पत्रिका की रिपोर्ट के अनुसार, दंपति ने दक्षिण-पूर्वी फ्रांस के ऐतिहासिक शहर ब्रिग्नोल्स के महापौर को एक पत्र भेजकर अपना घर खाली करने की जानकारी दी है।

उन्होंने पत्र में लिखा, ‘फिलहाल हमें अंदाजा नहीं है कि हमारा यह खूबसूरत घर इस भयानक संकट से बच पाएगा या नहीं।’

पत्र में कहा गया, ‘ब्रिग्नोल्स को खाली करते समय हम दो बातों पर ज़ोर देना चाहते है, पहला, हम उम्मीद करते हैं कि आप और हमारे शहर के लोग सुरक्षित रहें। दूसरा, मैं और अमाल यह वचन देते हैं कि हमारे गांव का चाहे जो भी हो, हम इस समुदाय का हिस्सा हैं और इसे फिर से संवारने में अपनी पूरी भूमिका निभाएंगे। हमें ब्रिग्नोल्स और यहां रहने वाले अपने दोस्तों से बेहद प्यार है।’

क्लूनी दंपति अपने नौ साल के जुड़वां बच्चों, अलेक्जेंडर और एला, के साथ ब्रिग्नोल्स में रहते हैं। फ्रांस, स्पेन, इटली और यूनान में आग की तबाही के कारण घर छोड़ने पर मजबूर हुए हजारों निवासियों में यह परिवार भी शामिल है।

खबरों के मुताबिक, फ्रांस में आग पेरिस शहर के आकार से भी कई गुना बड़े इलाके में फैल चुकी है जिसके चलते कई क्षेत्रों से बड़े पैमाने पर लोगों को निकाला जा रहा है।

भाषा सुमित नरेश

नरेश