उप्र: नीट में सफल न हो पाने से हमीरपुर में हताश छात्रा ने आत्महत्या की

Ads

उप्र: नीट में सफल न हो पाने से हमीरपुर में हताश छात्रा ने आत्महत्या की

  •  
  • Publish Date - July 20, 2026 / 03:45 PM IST,
    Updated On - July 20, 2026 / 03:45 PM IST

हमीरपुर, 20 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में सफलता न मिलने से हताश एक छात्रा ने कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, राठ इलाके के दीवानपुरा मोहल्ला निवासी महेंद्र पाल साहू की बेटी श्रुति साहू (20) ने शनिवार देर रात अपने घर में कीटनाशक खा लिया।

पुलिस ने बताया कि श्रुति की हालत बिगड़ने पर परिवार के सदस्य उसे तुरंत राठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गये, जहां उसकी गंभीर हालत को देखकर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे उरई मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया।

पुलिस के मुताबिक, इलाज के दौरान रविवार को श्रुति की मौत हो गई।

श्रुति के पिता महेंद्र साहू ने बताया कि उनकी बेटी कानपुर में रह कर नीट की तैयारी कर रही थी और अभी दो माह पूर्व ही राठ लौट कर आयी थी।

उन्होंने बताया कि उनकी बेटी पढ़ने में बहुत होशियार थी और उसने नीट की तैयारी के लिये बहुत मेहनत की थी और कम अंक आने की वजह से बहुत तनाव में रहती थी।

साहू ने बताया कि नीट में सफल न होने के कारण हताशा में उसने ऐसा कदम उठाया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।

भाषा सं आनन्द जितेंद्र

जितेंद्र