नयी दिल्ली, 16 मई (भाषा) दिल्ली कैपिटल्स के सहायक कोच इयान बेल ने शनिवार को स्वीकार किया कि आईपीएल 2026 में बल्लेबाजी में अस्थिरता के कारण ही उनकी टीम को सफलता नहीं मिली है।
उन्होंने इसके साथ ही अन्य बल्लेबाजों से अपील की कि वे शानदार फॉर्म में चल रहे केएल राहुल का साथ दें।
राहुल ने इस सत्र में 12 मैचों में 477 रन बनाए हैं, लेकिन अन्य बल्लेबाज निरंतर प्रदर्शन करने में नाकाम रहे हैं।
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स के मैच से पहले मीडिया से बात करते हुए बेल ने कहा, “इस समय शीर्ष चार टीमों को देखें तो उनकी बल्लेबाजी में काफी स्थिरता है। मुझे लगता है कि पिछले कुछ समय से बल्लेबाजी में स्थिरता की कमी एक ऐसी समस्या है जिस पर हम काम कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा, “केएल राहुल का यह साल भी शानदार रहा है। उन्होंने अपना स्ट्राइक रेट बढ़ाया है, जो कि बहुत से लोगों ने उनसे करने को कहा था। लेकिन हमें अन्य खिलाड़ियों से भी बेहतर प्रदर्शन और अधिक स्थिरता की जरूरत है।”
कैपिटल्स इस समय 12 मैचों में 10 अंकों के साथ तालिका में सातवें स्थान पर है, और प्ले-ऑफ में पहुंचने की उम्मीद बनाए रखने के लिए उनके लिए शेष दो मैच जीतने के साथ ही अन्य मुकाबलों से अनुकूल परिणाम की जरूरत होगी।
कप्तान अक्षर पटेल का बल्ले और गेंद दोनों से ही फीका प्रदर्शन टीम के लिए सबसे निराशाजनक रहा, लेकिन बेल को उम्मीद है कि यह ऑलराउंडर सत्र का समापन शानदार तरीके से करेगा।
उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि उनका साथ देना और उनके आसपास रहना बहुत जरूरी है। यह आसान नहीं है। वह न सिर्फ इस फ्रेंचाइजी के लिए, बल्कि टी20 क्रिकेट में भारत के लिए भी एक महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं। जाहिर है, वह शायद किसी और से ज्यादा निराश हैं।”
इंग्लैंड के इस पूर्व बल्लेबाज ने कहा, “उम्मीद है कि वह शानदार अंत कर सकते हैं। हम जानते हैं कि वह अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पर क्या कर सकते हैं और हमें इस दौरान उनका समर्थन करते रहना होगा।”
भाषा आनन्द नमिता
नमिता