लक्ष्य, सात्विक-चिराग की जोड़ी हांगकांग ओपन के सेमीफाइनल में

Ads

लक्ष्य, सात्विक-चिराग की जोड़ी हांगकांग ओपन के सेमीफाइनल में

  •  
  • Publish Date - September 12, 2025 / 06:53 PM IST,
    Updated On - September 12, 2025 / 06:53 PM IST

हांगकांग, 12 सितंबर (भाषा) भारतीय शटलर लक्ष्य सेन तथा सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी शुक्रवार को हांगकांग ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के अपने वर्गों के सेमीफाइनल में पहुंच गई।

सेन ने हमवतन आयुष को एक घंटे छह मिनट तक चले कड़े मुकाबले में 21-16, 17-21, 21-13 से हराया।

आयुष ने बृहस्पतिवार को बड़ा उलटफेर करते हुए 2023 विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता जापान के कोडाई नाराओका को तीन गेम तक चले कड़े मुकाबले में हरा दिया था।

सेन का सामना अब तीसरी वरीयता प्राप्त चीनी ताइपे के चोउ तिएन चेन और इंडोनेशिया के अल्वी फरहान के बीच होने वाले दूसरे क्वार्टर फाइनल के विजेता से होगा।

इससे पहले सात्विक और चिराग ने बेहतर तालमेल का नमूना पेश किया और इस 500,000 डॉलर इनामी प्रतियोगिता में 64 मिनट तक चले मुकाबले में आरिफ जुनैदी और रॉय किंग याप की जोड़ी को 21-14, 20-22, 21-16 से हराया।

सात्विक और चिराग की आठवीं वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी ने धीमी शुरुआत की, लेकिन एक बार जब स्कोर 12-12 हो गया तो उन्होंने बेहतर खेल का प्रदर्शन किया और लगातार पांच अंक बना कर पहला गेम जीता।

मलेशियाई खिलाड़ियों ने दूसरे गेम में अपनी लय हासिल करके अच्छी वापसी की। उन्होंने स्कोर 6-6 से बराबर किया और इसके बाद पीछे मुड़कर नहीं देखा। लेकिन सात्विक और चिराग ने अच्छी वापसी करके स्कोर 20-20 से बराबर कर दिया। मलेशिया की जोड़ी ने हालांकि अगले दो अंक बनाकर मैच को बराबरी पर ला दिया।

तीसरे और निर्णायक गेम में भारतीय जोड़ी ने बेहतर खेल दिखाया और मलेशिया की जोड़ी को एक बार भी बढ़त हासिल नहीं करने दी और मैच अपने नाम किया।

सात्विक और चिराग ने गुरुवार को थाईलैंड के पीराचाई सुकफुन और पक्कापोन तीरात्साकुल को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की की थी।

भाषा पंत नमिता मोना

मोना