लक्ष्य सेन और प्रियांशु राजावत बाहर, इंडोनेशिया मास्टर्स में जॉर्ज एकमात्र भारतीय

Ads

लक्ष्य सेन और प्रियांशु राजावत बाहर, इंडोनेशिया मास्टर्स में जॉर्ज एकमात्र भारतीय

  •  
  • Publish Date - January 25, 2024 / 07:27 PM IST,
    Updated On - January 25, 2024 / 07:27 PM IST

जकार्ता, 25 जनवरी (भाषा) भारत के लक्ष्य सेन और प्रियांशु राजावत गुरुवार को यहां प्री क्वार्टरफाइनल में सीधे गेम से हारकर बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर सुपर 500 इंडोनेशिया मास्टर्स टूर्नामेंट के पुरुष एकल से बाहर हो गये।

किरण जॉर्ज एकमात्र भारतीय हैं जो प्रतियोगिता में बने हुए हैं। उन्होंने चीन के लु गुआंग जू पर 21-11 13-21 21-18 की जीत से क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया।

जॉर्ज ने पहले दौर में फ्रांस के टोमा जूनियर पोपोव को 18-21 21-16 21-19 से हराया था। उन्होंने लु गुआंग के खिलाफ पहला गेम 21-11 से जीतकर अच्छी शुरूआत की।

लेकिन चीन के खिलाड़ी ने अगले गेम में वापसी करते हुए 21-13 से इसे अपने नाम करते हुए बराबरी हासिल की।

निर्णायक गेम काफी रोमांचक रहा जिसमें एक समय दोनों 16-16 से बराबरी पर थे। लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने अंतिम समय में सयंम बरतते हुए 21-18 से जीत हासिल की।

अब वह अगले दौर में थाईलैंड के कुनलावुत वितिदसार्न से भिड़ेंगे जिन्होंने ताईवान के चोऊ टिएन चेन को सीधे गेम में पराजित किया।

आठवीं वरीयता प्राप्त एंडर्स एंटोनसेन के खिलाफ मुकाबले में सेन ने कड़ी चुनौती पेश की लेकिन वह डेनमार्क के इस खिलाड़ी से 19-21 18-21 से हार गये। पहले दौर में सेन ने चीन के वेंग होंगयांग को 24-22 21-15 से मात दी थी।

राजावत ने भी कनाडा के ब्रायन यांग के खिलाफ शुरूआती गेम में अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन इतना ही काफी नहीं था और वह 18-21 14-21 से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गये।

राजावत ने पहले दौर में डेनमार्क के रास्मस गेमके को 21-18 21-19 से शिकस्त दी थी।

अब टूर्नामेंट में किरण जॉर्ज एकमात्र भारतीय बचे हैं। पुरुष एकल में उनका सामना चीन के लु गुआंगझू से होगा। उन्होंने पहले दौर में फ्रांस के टोमा जूनियर पोपोव को 18-21 21-16 21-19 से मात दी थी।

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर