बिश्केक (किर्गिस्तान), सात अप्रैल (भाषा) ललित ने 2026 सीनियर एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में भारत का पहला पदक जीता जब उन्होंने 55 किग्रा ग्रीको रोमन वर्ग में रजत पदक अपने नाम किया जबकि नितेश मंगलवार को यहां 97 किग्रा वर्ग के फाइनल में पहुंच गए।
पूर्व चैंपियन सुनील कुमार ने अपने पदकों की सूची में एक और कांस्य पदक जोड़ा जिससे भारतीय टीम के लिए यह दिन काफी सफल रहा।
अंडर-23 एशियाई चैंपियनशिप के पूर्व कांस्य पदक विजेता ललित को फाइनल में उज्बेकिस्तान के इख्तियार बोतिरोव के खिलाफ 0-9 से शिकस्त झेलनी पड़ी।
सुनील ने 87 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक के मुकाबले में पहले राउंड में चार अंक गंवाने के बाद शानदार वापसी की और उज्बेकिस्तान के मुखम्मदकोदिर रासुलोव को 5-4 से हराकर एशियाई चैंपियनशिप में अपना लगातार दूसरा कांस्य पदक जीता।
इससे पहले नितेश ने 97 किग्रा ग्रीको रोमन वर्ग के फाइनल में जगह बनाकर यह सुनिश्चित कर लिया कि वे 2025 चैंपियनशिप के अपने प्रदर्शन में सुधार करेंगे।
पिछले साल इस प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतने वाले तेइस वर्षीय नितेश ने सेमीफाइनल में चीन के जेगांग वांग को 7-2 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। अब स्वर्ण पदक के लिए उनका मुकाबला मौजूदा चैंपियन ईरान के मोहम्मदादी सारावी से होगा।
भारत के पास 82 किग्रा ग्रीको रोमन वर्ग में भी कांस्य पदक जीतने का मौका होगा जहां प्रिंस का मुकाबला तुर्कमेनिस्तान के दिदार अम्मानाजारोव से होगा।
बीस वर्षीय प्रिंस को सेमीफाइनल में ईरान के मोहम्मदअमीन हुसैनी ने 10-0 से हराया।
अमन को 77 किग्रा ग्रीको रोमन वर्ग के कांस्य पदक मुकाबले में निराशा हाथ लगी जब वे दक्षिण कोरिया के येओनघुन नोह से 14-15 से हार गए।
सचिन सहरावत (67 किग्रा, ग्रीको रोमन) के पास भी कांस्य पदक जीतने का मौका होगा क्योंकि वह रेपचेज दौर में जगह बनाने में कामयाब रहे हैं और बुधवार को चीन के जी लेंग का सामना करेंगे।
भाषा सुधीर
सुधीर