नोएडा, 12 नवंबर (भाषा) युवा लावण्या जादोन ने बुधवार को यहां पहले दौर में अंतिम पांच होल में तीन बर्डी के साथ महिला पेशेवर गोल्फ टूर के पहले दौर के बाद एकल बढ़त बना ली।
अपने पहले पेशेवर सत्र में हिस्सा ले रही गुरुग्राम की 18 साल की गोल्फर लावण्या ने पहले दौर में चार अंडर का स्कोर बनाया।
लगभग छह हफ्ते पहले अपना पहला पेशेवर खिताब जीतने वाली लावण्या ने एमेच्योर महरीन भाटिया और ऑर्डर ऑफ मेरिट की पूर्व विजेता स्नेहा सिंह पर एक शॉट की बढ़त बना ली है।
महरीन और स्नेहा ने तीन अंडर 68 का समान स्कोर बनाया।
ऑर्डर ऑफ मेरिटी में शीर्ष पर मौजूद वाणी कपूर, हीना कांग, रिद्धिमा दिलावरी और अंविता नरेंद्र दो अंडर 69 के स्कोर से संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर हैं।
भाषा सुधीर नमिता
नमिता