सिलहट, 16 मई (एपी) विकेटकीपर-बल्लेबाज लिटन दास (126 रन) के शतक से बांग्लादेश की टीम शनिवार को यहां पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे और अंतिम क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन शुरुआती झटकों से उबरते हुए पहली पारी में 278 रन पर सिमट गई।
लिटन ने 159 गेंद की पारी के दौरान 16 चौके और दो छक्के लगाए।
स्टंप तक पाकिस्तान ने बिना कोई विकेट गंवाए 21 रन बना लिए थे और वह 257 रन पीछे था।
लिटन के अलावा बांग्लादेश का कोई भी बल्लेबाज 30 रन तक नहीं पहुंच पाया जिससे पाकिस्तान के अनुशासित तेज गेंदबाजी आक्रमण के सामने उनकी बल्लेबाजी की कमजोरी उजागर हो गई।
पाकिस्तान की टीम में शाहीन शाह अफरीदी की जगह शामिल हुए खुर्रम शहजाद ने 81 रन देकर चार विकेट झटके जबकि मोहम्मद अब्बास ने 45 रन देकर तीन विकेट लिए।
हसन अली को अपने पहले ओवर में अजीब तरह से गिरने के बाद स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाया गया था। वह बाद में वापस आए, उन्होंने 49 रन देकर दो विकेट के साथ अपनी गेंदबाजी खत्म की जिसमें लिटन का विकेट भी शामिल था।
पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और अब्बास ने पारी की दूसरी ही गेंद पर महमूदुल हसन को शून्य पर आउट कर दिया।
तंजीद हसन ने टेस्ट पदार्पण में 26 रन बनाए।
बांग्लादेश ने पहला टेस्ट 104 रन से जीता था।
बाएं घुटने की चोट के कारण पहला टेस्ट नहीं खेलने वाले पाकिस्तान के प्रमुख बल्लेबाज बाबर आजम की टीम में वापस आ गए हैं।
एपी नमिता आनन्द
आनन्द