मांडविया तीन दिन के मेघालय दौरे पर राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों का जायजा लेंगे

Ads

मांडविया तीन दिन के मेघालय दौरे पर राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों का जायजा लेंगे

  •  
  • Publish Date - May 28, 2026 / 03:10 PM IST,
    Updated On - May 28, 2026 / 03:10 PM IST

नयी दिल्ली, 28 मई (भाषा) खेलमंत्री मनसुख मांडविया शुक्रवार से तीन दिवसीय मेघालय दौरे पर प्रदेश में होने वाले 39वें राष्ट्रीय खेलों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे और शिलांग में बहुउद्देश्यीय एकीकृत इंडोर खेल परिसर का उद्घाटन भी करेंगे ।

भारतीय ओलंपिक संघ के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मेघालय के साथ राष्ट्रीय खेल मेजबान प्रदेश अनुबंध पर भी हस्ताक्षर किये जायेंगे ।

राष्ट्रीय खेल अगले साल मार्च में होंगे ।

खेलमंत्री इस दौरे पर युवा कार्य, खेल बुनियादी ढांचा विकास और केंद्र द्वारा प्रायोजित योजनाओं की समीक्षा से जुड़े कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे ।

इस दौरान वह युवा कार्य विभाग द्वारा आयोजित चिंतन शिविर में भी हिस्सा लेंगे । वह शिलांग में बहुउद्देश्यीय एकीकृत इंडोर खेल परिसर का उद्घाटन भी करेंगे और इस दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री कोनराड के संगमा भी मौजूद होंगे ।

मंत्रालय ने कहा ,‘‘ 132 . 9 करोड़ रुपये की परियोजना लागत से विकसित किया जा रहा ‘एकीकृत बहुउद्देशीय इंडोर खेल परिसर’ एक आधुनिक और बहु-कार्यक्षम खेल सुविधा के रूप में डिजाइन किया गया है, जो बास्केटबॉल, बैडमिंटन और वॉलीबॉल जैसे खेलों के साथ-साथ अन्य इंडोर खेल आयोजनों की मेजबानी करने की क्षमता रखता है ।’’

मांडविया शिलांग में उमसावली खेल परिसर का भी मुआयना करेंगे ।

भाषा मोना सुधीर

सुधीर