जूनियर नेशनल प्रतियोगिता के दूसरे दिन बने कई रिकॉर्ड

जूनियर नेशनल प्रतियोगिता के दूसरे दिन बने कई रिकॉर्ड

जूनियर नेशनल प्रतियोगिता के दूसरे दिन बने कई रिकॉर्ड
Modified Date: April 25, 2026 / 09:04 pm IST
Published Date: April 25, 2026 9:04 pm IST

तुमकुर (कर्नाटक), 25 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय जूनियर (अंडर-20) एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता के दूसरे दिन शनिवार को यहां तीन राष्ट्रीय जूनियर रिकॉर्ड बने।

इस दिन कई एथलीटों ने नई ऊंचाइयां हासिल कीं और इसी दिन सेना के एशियाई जूनियर रजत पदक विजेता नितिन गुप्ता ने पुरुषों की अंडर-20 5,000 मीटर पैदल चाल में एक नया मानक स्थापित किया।

गुप्ता जूनियर पुरुषों की 5,000 मीटर पैदल चाल में 19 मिनट की बाधा को तोड़ने वाले पहले भारतीय रेस वॉकर बन गए। स्वर्ण पदक जीतने के दौरान उन्होंने 18:54.37 का समय निकाला जो पिछले साल पटना में बनाए गए उनके अपने जूनियर रिकॉर्ड 19:24.48 से बेहतर था।

शनिवार को उनका प्रदर्शन एशियन अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप के मीट रिकॉर्ड से भी बेहतर था।

उत्तर प्रदेश के लंबी कूद के एथलीट शाहनवाज खान ने भी रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराया, जबकि केरल के प्रतिभाशाली स्प्रिंटर मोहम्मद अशफाक ने पुरुषों की 400 मीटर दौड़ में नेशनल जूनियर रिकॉर्ड तोड़कर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा।

मध्य प्रदेश की रंजना यादव ने भी महिलाओं की 5,000 मीटर पैदल चाल में राष्ट्रीय जूनियर रिकॉर्ड में सुधार किया। स्वर्ण पदक जीतने के लिए उनका समय 23:22.12 था। पिछला रिकॉर्ड 23:43.58 का था, जिसे पिछले साल भुवनेश्वर में मनीषा ने बनाया था।

पुरुषों की 400 मीटर ट्रैक दौड़ प्रतियोगिता के दूसरे दिन की सबसे रोमांचक स्पर्धा थी। आठ फाइनलिस्टों में से छह ने एशियाई जूनियर क्वालीफिकेशन मार्क 47.53 सेकंड से कम समय में फिनिश लाइन पार की।

लेकिन केरल के प्रतिभाशाली स्प्रिंटर अशफाक ने नेशनल जूनियर रिकॉर्ड तोड़कर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। उनका जीतने का समय 46.05 सेकंड था जो 2017 में अमोज जैकब द्वारा बनाए गए जूनियर नेशनल रिकॉर्ड समय 46.26 सेकंड से बेहतर था।

महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में मुकाबला कड़ा था। त्रिवेंद्रम की नीरू पाठक ने 54.31 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता।

तमिलनाडु के पोल वॉल्टर और स्वर्ण पदक विजेता कविनराजा एस ने भी अपना राष्ट्रीय रिकॉर्ड बेहतर करते हुए 5.12 मीटर का नया रिकॉर्ड बनाया। उनका पिछला जूनियर राष्ट्रीय रिकॉर्ड 5.11मीटर था।

दिन के आखिर में शाहनवाज ने 8.23 मीटर की जबरदस्त छलांग लगाई और इस तरह उन्होंने 2018 में मुरली श्रीशंकर द्वारा बनाए गए 8.20 मीटर के जूनियर राष्ट्रीय रिकॉर्ड को तोड़ दिया।

भाषा नमिता

नमिता


लेखक के बारे में