वनडे क्रिकेट में खेलते हुए ही सीखना होगा युवा खिलाड़ियों को : रूट

Ads

वनडे क्रिकेट में खेलते हुए ही सीखना होगा युवा खिलाड़ियों को : रूट

  •  
  • Publish Date - July 17, 2026 / 03:32 PM IST,
    Updated On - July 17, 2026 / 03:32 PM IST

कार्डिफ, 17 जुलाई (भाषा) इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जो रूट का मानना है कि देश के अगली पीढी के युवा क्रिकेटरों को 50 ओवरों के क्रिकेट का अधिक अनुभव नहीं मिलने के कारण खेलते हुए ही सीखना होगा क्योंकि अनुभव की कमी के कारण दबाव के हालात के अनुकूल ढलना अहम हो जाता है ।

रूट ने भारत के खिलाफ दूसरे वनडे में 133 गेंद में नाबाद 99 रन बनाये और इंग्लैंड ने 234 रन का लक्ष्य चार विकेट बाकी रहते हासिल कर लिया ।

इंग्लैंड को भारत के खिलाफ पिछले 20 वनडे में से 14 में पराजय का सामना करना पड़ा था । रूट ने कहा कि युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण से पहले घरेलू 50 ओवरों की नियमित प्रतिस्पर्धाओं के जरिये उस तरह का अनुभव नहीं मिल पा रहा जो पहले खिलाड़ियों को मिलता था ।

उन्होंने कहा ,‘‘ मुझे लगता है कि टीम और युवा खिलाड़ियों के लिये यह सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है ।’’

उन्होंने कहा ,‘अभी ही नहीं बल्कि आने वाले समय में भी , जो भी खिलाड़ी टीम में आयेगा उसे 50 ओवरों के क्रिकेट में उतना अनुभव या समझ नहीं होगी क्योंकि अब यह प्रारूप उतना खेला नहीं जाता है ।’’

रूट शतक नहीं बना सके लेकिन उन्होंने कहा कि भारत जैसी शीर्ष वनडे टीम के खिलाफ जीत अधिक संतोषजनक है और उनका मानना है कि इससे निर्णायक मैच में इंग्लैंड का पलड़ा भारी होगा ।

उन्होंने कहा ,‘‘ अगर हम हार जाते तो बहुत बुरा लगता । हम जीतने के लिये ही खेलते हैं । अब हमारे पास दुनिया की नंबर एक टीम को श्रृंखला में हराने का मौका है ।’’

भाषा मोना पंत

पंत