अंडर-23 विश्व चैंपियनशिप की पदक विजेता हंसिका ने बुडापेस्ट रैंकिंग सीरीज में रजत पदक जीता

Ads

अंडर-23 विश्व चैंपियनशिप की पदक विजेता हंसिका ने बुडापेस्ट रैंकिंग सीरीज में रजत पदक जीता

  •  
  • Publish Date - July 17, 2026 / 03:30 PM IST,
    Updated On - July 17, 2026 / 03:30 PM IST

बुडापेस्ट, 17 जुलाई (भाषा) अंडर-23 विश्व चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता हंसिका लांबा ने ‘पोल्याक इमरे, वर्गा जानोस और कोजमा इस्तवान मेमोरियल सीनियर रैंकिंग टूर्नामेंट’ में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं के 55 किग्रा वर्ग में रजत पदक जीता।

हंसिका ने सेमीफाइनल में शानदार वापसी करते हुए खिताबी मुकाबले में अपनी जगह बनाई। उन्होंने जर्मनी की अनास्तासिया ब्लेवास के खिलाफ 2-7 से पिछड़ने के बाद जबरदस्त जज्बा दिखाते हुए वापसी करके 10-7 से जीत हासिल की।

लेकिन स्वर्ण पदक मुकाबले में हंसिका यूक्रेन की मजबूत प्रतिद्वंद्वी नतालिया क्लीवचुत्स्का को कड़ी टक्कर देने के बावजूद ‘प्वाइंट्स’ (वीपीओ) के आधार पर 0-5 से हार गईं जिससे उन्हें दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा।

हंसिका के लिए हालांकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह एक और उपलब्धि है क्योंकि इससे पहले उन्होंने 2026 सीनियर एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था।

भारतीय दल के फ्रीस्टाइल पहलवानों ने प्रतियोगिता के दूसरे दिन दो कांस्य पदक जीतकर देश की पदक संख्या में इजाफा किया।

विशाल कालीरमन ने 65 किग्रा वर्ग में तीसरे स्थान के लिए हुए प्ले-ऑफ में कजाखस्तान के ओसुमजान दास्तानबेक को 8-2 से हराया।

वहीं रजत रुहल को 125 किग्रा हैवीवेट वर्ग में अमेरिका के मेसन मार्क पैरिस के मैच से हटने के कारण कांस्य पदक मिला।

इससे भारत के कुल पदकों की संख्या पांच हो गई है। पहले दिन ओलंपिक कांस्य पदक विजेता अमन सहरावत ने 57 किग्रा वजन वर्ग में स्वर्ण पदक और दीपक ने 61 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक जीता था।

भाषा नमिता मोना

मोना