जोहानिसबर्ग, 28 सितंबर (एपी) डेविड मिलर और तेम्बा बावुमा की शतकीय पारियों के बाद स्पिनरों की शानदार गेंदबाजी की मदद से दक्षिण अफ्रीका ने रविवार को दूसरे एकदिवसीय में ऑस्ट्रेलिया को 32 रन से हराकर तीन मैचों की शृंखला अपने नाम कर ली।
मिलर ने 93 गेंदों में 142 रन की आक्रामक पारी खेलकर वनडे में अपना आठवां शतक जड़ा, जबकि बावुमा ने 103 रन बनाकर इस प्रारूप में अपना छठा शतक पूरा किया। दोनों की पारियों के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने नौ विकेट पर 365 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से अपना सिर्फ दूसरा वनडे खेल रहे जैक एडवर्ड्स ने 67 रन देकर पांच विकेट लिए। एडेन मारक्रम को पहली ही गेंद पर खाता खोले बिना आउट करने वाले जोश हेजलवुड ने 10 ओवर में 70 रन देकर तीन विकेट चटकाए।
टॉस जीतने के बाद लगातार दूसरे मैच में पहले गेंदबाजी करने का फैसला करने वाली ऑस्ट्रेलिया की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए अंतिम ओवर में 333 रन पर आउट हो गई।
यह मुकाबला वार्षिक ‘पिंक डे’ मैच भी था, जिसके जरिए कैंसर के शोध और इलाज के लिए धन जुटाया जाता है। मिलर ने अपनी जर्सी के पीछे अपनी मां जेनी का नाम लिखवाया था, जो स्तन कैंसर से उबर चुकी हैं।
इस प्रारूप में छह बार की विश्व कप चैंपियन ऑस्ट्रेलिया 2014 के बाद से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ छह द्विपक्षीय वनडे शृंखला में एक भी जीत दर्ज नहीं कर सकी है।
डरबन में खेले गए पहले एकदिवसीय की तरह इस मुकाबले में भी मेहमान टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए तूफानी शुरुआत की, लेकिन उसे बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर सकी। कप्तान मिचेल मार्श (84) और ट्रेविस हेड (84) ने पहले विकेट के लिए 17 ओवर में 130 रन की साझेदारी की। इसके बाद कप्तान बावुमा ने 30 ओवर तक स्पिन का इस्तेमाल करते हुए ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को मुश्किल में डाल दिया।
केशव महाराज (54 रन पर दो विकेट) ने एलेक्स कैरी (17) और मैट रेनशॉ (32) को पगबाधा आउट किया, जबकि कैमरन ग्रीन 17 रन बनाकर ब्योर्न फोर्टुइन की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में आउट हुए।
जेवियर बार्टलेट ने 28 गेंदों में 50 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर हार का अंतर कम किया। उनकी पारी से दक्षिण अफ्रीका के तीसरे स्पिनर फोर्टुइन के आंकड़े जरूर प्रभावित हुए, जिन्होंने अपने आखिरी ओवर में 19 रन लुटाए और कुल 70 रन देकर दो विकेट लिए।
इससे पहले मिलर ने अपनी पारी में 12 चौके और नौ छक्के लगाए, जबकि बावुमा ने 10 चौके और दो छक्के जड़े। हेजलवुड के दो शुरुआती झटकों से दक्षिण अफ्रीका सात ओवर में 36 रन पर दो विकेट गंवा चुका था। इसके बाद मैथ्यू ब्रीट्जके (34) और बावुमा ने तीसरे विकेट के लिए 57 रन जोड़े।
बावुमा और मिलर के बीच 156 रन की साझेदारी ने दक्षिण अफ्रीकी पारी का रुख पूरी तरह बदल दिया और टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाने की मजबूत नींव रखी।
ऑस्ट्रेलिया इस मुकाबले में जोश इंग्लिस के बिना उतरा था। उंगली में फ्रैक्चर के कारण वह पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। इसके अलावा टीम को एक और झटका तब लगा जब प्रमुख तेज गेंदबाज नाथन एलिस मांसपेशियों में खिंचाव के कारण केवल चार ओवर गेंदबाजी करने के बाद मैदान से बाहर चले गए।
एपी आनन्द
आनन्द