डेट्रॉयट, 28 सितंबर (एपी) अमेरिका के डेट्रॉयट शहर में एक ‘स्ट्रिप क्लब’ (वयस्क क्लब) में झगड़े के बाद रविवार सुबह हुई गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई और चार अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
डेट्रॉयट के पुलिस प्रमुख टॉड बेटिसन ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि सुबह सात बजकर 21 मिनट पर गोलीबारी की सूचना मिलने के बाद पुलिस जब घटनास्थल पहुंची तो वहां तीन पुरुष मृत मिले जिन्हें गोली लगी थी।
उन्होंने बताया कि दो पुरुषों और दो महिलाओं समेत चार अन्य लोगों को निजी वाहनों से आसपास के अस्पतालों में ले जाया गया और इनमें से किसी की जान को खतरा नहीं बताया जा रहा है।
बेटिसन ने बताया कि सभी पीड़ितों की उम्र 20 से 39 वर्ष के बीच होने का अनुमान है।
उन्होंने बताया कि झगड़ा एवं कहासुनी होने के बाद गोलीबारी की यह घटना हुई।
बेटिसन ने कहा कि यह स्थान डेट्रॉयट पुलिस के लिए नयी जगह नहीं है और इस वर्ष यहां पुलिस को सात बार बुलाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि पुलिस को मामले में कुछ सुराग मिले हैं लेकिन उन्होंने इनके बारे में और जानकारी देने से इनकार कर दिया।
उन्होंने घटनास्थल के बारे में कहा, ‘‘ इसे आप एक ‘स्ट्रिप क्लब’ समझ सकते हैं… मैं बस इतना ही कहूंगा।’’
डेट्रॉयट की मेयर मैरी शेफील्ड ने लोगों से अपील की कि यदि किसी को घटना के बारे में कोई भी जानकारी है तो वह पुलिस अधिकारियों से संपर्क करे।
इससे पहले रविवार को जॉर्जिया के मेकॉन शहर में एक पार्क में जन्मदिन की पार्टी के दौरान गोलीबारी हुई, जिसमें 12 किशोरों को गोली लगी।
बिब काउंटी के शेरिफ डेविड डेविस ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि घायलों में दो की हालत गंभीर है जबकि अन्य की हालत स्थिर है।
इस मामले में तत्काल किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है लेकिन डेविस ने कहा कि जांचकर्ताओं ने पूछताछ के लिए कई लोगों की पहचान की है।
एपी सिम्मी गोला
गोला