मिसबाह पाकिस्तान के मुख्य चयनकर्ता पद से हटेंगे, मुख्य कोच बने रहेंगे

मिसबाह पाकिस्तान के मुख्य चयनकर्ता पद से हटेंगे, मुख्य कोच बने रहेंगे

मिसबाह पाकिस्तान के मुख्य चयनकर्ता पद से हटेंगे, मुख्य कोच बने रहेंगे
Modified Date: November 29, 2022 / 07:54 pm IST
Published Date: October 14, 2020 11:00 am IST

कराची, 14 अक्टूबर (भाषा) मिसबाह उल हक ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम के मुख्य कोच की अपनी जिम्मेदारियों पर अधिक ध्यान देने के लिये मुख्य चयनकर्ता पद से हटने का फैसला किया है।

मिसबाह ने बुधवार को लाहौर में कहा कि उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) को सूचित कर दिया है कि वह 30 नवंबर को मुख्य चयनकर्ता पद से हट जाएंगे।

वह पिछले साल सितंबर से मुख्य चयनकर्ता और मुख्य कोच की दोहरी भूमिका निभा रहे हैं।

मिसबाह ने कहा, ‘‘मैं जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाली आगामी शृंखला के लिये टीम का चयन करूंगा लेकिन इसके बाद मैं केवल मुख्य कोच की अपनी भूमिका पर ही ध्यान केंद्रित करना चाहता हूं। ’’

इस पूर्व कप्तान ने कहा कि वह बोर्ड या किसी अन्य के दबाव में मुख्य चयनकर्ता पद से नहीं हट रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘यह पूरी तरह से मेरा खुद का फैसला है। मैंने यह फैसला इसलिए किया क्योंकि मुझे लगता है कि एक समय में दो महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाना आसान नहीं है। मैं राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच के तौर पर अपना सर्वश्रेष्ठ देना चाहता हूं। ’’

मिसबाह ने कहा, ‘‘जिसे भी मुख्य चयनकर्ता चुना जाएगा मैं उसके साथ पूरा सहयोग करूंगा और पाकिस्तानी टीम को प्रत्येक प्रारूप में शीर्ष तीन में ले जाने के लिये प्रयासरत रहूंगा। ’’

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के मुख्य कार्यकारी वसीम खान ने कहा कि बोर्ड मिसबाह के फैसले का सम्मान करता है।

खान ने कहा, ‘‘जब उन्होंने राष्ट्रीय मुख्य कोच का पद संभाला था तो हम चाहते थे कि वह मुख्य चयनकर्ता की भूमिका भी निभायें क्योंकि परिस्थितियां ही ऐसी थी। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच के रूप में उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं का फिर से आकलन किया और उनका मानना है कि वह केवल कोचिंग पक्ष पर ध्यान देकर बेहतर परिणाम हासिल कर सकते हैं। हमें उनकी इस सोच का समर्थन करने में खुशी है।’’

खान ने कहा कि मुख्य चयनकर्ता की जल्द ही नियुक्ति की जाएगी।

पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने हाल में कहा था कि उनकी मुख्य चयनकर्ता पद के लिये बोर्ड के साथ बातचीत चल रही है। पीसीबी ने हालांकि इसका खंडन किया था। भाषा पंत सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में