राष्ट्रमंडल खेलों के पदकों पर अंकित है ब्रेल लिपि

राष्ट्रमंडल खेलों के पदकों पर अंकित है ब्रेल लिपि

राष्ट्रमंडल खेलों के पदकों पर अंकित है ब्रेल लिपि
Modified Date: July 24, 2026 / 01:26 pm IST
Published Date: July 24, 2026 1:26 pm IST

(अपराजिता उपाध्याय)

ग्लासगो, 24 जुलाई (भाषा) राष्ट्रमंडल खेलों के लिए इस बार जो पदक तैयार किए गए हैं उन पर ब्रेल लिपि अंकित है जिससे दृष्टिबाधित खिलाड़ी भी इसमें निहित संदेश को समझ सकते हैं।

राष्ट्रमंडल खेलों के इतिहास में ऐसा पहली बार किया गया है। यह ग्लास्गो में चल रहे खेलों में सभी को समान भाव से देखने की योजना से जुड़ा है।

राष्ट्रमंडल खेलों में 10 प्रमुख खेल और छह पैरा खेल में कुल 215 स्वर्ण पदक दांव पर लगे होंगे। इनमें पैरा खेलों में रिकॉर्ड 47 स्वर्ण पदक भी शामिल हैं।

प्रत्येक मेजबान शहर पदकों पर अपनी छाप छोड़ता है, लेकिन ग्लास्गो खेलों के पदकों का डिज़ाइन आम तौर पर चलन में रहने वाले गोलाकार आकार से अलग है। पदकों को शहर के प्रतीक चिन्ह से प्रेरित होकर त्रिकोण रूप दिया गया है।

पदक पर बने प्रारूप ग्लासगो के सबसे प्रसिद्ध स्थलों में से एक फिनिस्टन क्रेन से प्रेरित हैं, जो स्कॉटलैंड के जहाज निर्माण के अतीत की याद दिलाता है। इसकी बनावट टार्टन से प्रेरित है, जो स्कॉटलैंड से करीब से जुड़ा एक प्रतीक है। पदक पर बने तीन स्तर पोडियम की तीन सीढ़ियों का प्रतिनिधित्व करते हैं।

इस पदकों का डिजाइन मिलित्सा मिलेंकोवा ने तैयार किया था। मिलेंकोवा का जन्म बुल्गारिया में हुआ था और अब वह ग्लास्गो स्कूल ऑफ आर्ट में आर्टिस्ट हैं।

मिलेंकोवा ने कहा, ‘‘मैं चाहती थी कि यह पदक राष्ट्रमंडल खेलों के पदकों में एक विशिष्ट स्थान हासिल करें।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जब मैं पदकों के डिजाइन के बारे में सोच रही थी तो मैं ग्लासगो को एक आकार में समेटना चाहती थी। मैं राष्ट्रीय प्रतीक चिन्ह से प्रभावित थी और उसी को ध्यान में रखते हुए मैंने इन्हें विशिष्ट आकार दिया।’’

मिलेंकोवा ने कहा कि ग्लास्गो और स्कॉटलैंड से उनके संबंधों के कारण फिनिस्टन क्रेन और टार्टन को शामिल करना स्वाभाविक था।

उन्होंने कहा, ‘‘जब मैंने फिनिस्टन क्रेन और उससे बनी आकृतियों का उपयोग किया तो मैंने पाया कि यह मुझे टार्टन की याद दिलाता है। मैं इसे भी शामिल करना चाहती थी क्योंकि यह स्कॉटलैंड का राष्ट्रीय प्रतीक है। पदकों पर पहली बार ब्रेल लिपि अंकित की गई है।’’

भाषा

पंत मोना

मोना


लेखक के बारे में