एमओसी ने दक्षिण अफ्रीका में नीरज को अप्रैल तक अभ्यास की मंजूरी दी, कराटे और ताइक्वांडो को भी मदद
एमओसी ने दक्षिण अफ्रीका में नीरज को अप्रैल तक अभ्यास की मंजूरी दी, कराटे और ताइक्वांडो को भी मदद
नयी दिल्ली, 11 फरवरी (भाषा) खेल मंत्रालय के मिशन ओलंपिक सेल (एमओसी) ने भालाफेंक स्टार नीरज चोपड़ा के दक्षिण अफ्रीका में अभ्यास की अवधि अप्रैल तक बढाने को मंजूरी दे दी है जबकि इस साल एशियाई खेलों से पहले ताइक्वांडो और कराटे खिलाड़ियों के विदेश में खेलने और प्रशिक्षण को भी स्वीकृति मिल गई है ।
एमओसी की बुधवार को हुई 168वीं बैठक में उदीयमान स्क्वाश स्टार अनाहत सिंह को स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग कोच की सेवायें लेने के लिये आर्थिक सहायता को मंजूरी भी दे दी । इसके साथ ही पैरा एथलीट वरूण भाटी और संदीप चौधरी को विदेश में शिविरों में भाग लेने को भी मंजूरी मिल गई ।
दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज दक्षिण अफ्रीका के पोशेफ्स्टूम में जनवरी से अभ्यास कर रहे हैं । पहले उन्हें 32 दिन के शिविर के लिये मंजूरी मिली थी । अब वह मई में होने वाली दोहा डायमंड लीग से पहले तक प्रिटोरिया में अभ्यास करेंगे ।
बुधवार को हुई बैठक में एक करोड़ 70 लाख रूपये के प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई ।
जापान में होने वाले एशियाई खेलों को देखते हुए टारगेट एशियाई खेल समूह (टीएजीजी) ने एशियाई चैम्पियनशिप कांस्य पदक विजेता ताइक्वांडो खिलाड़ी रूदाली बरूआ को सहयोग पर स्वीकृति दी है ।
उनके पांच अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं बुल्गारिया ओपन, स्लोवेनिया ओपन, डच ओपन, ओशियाना चैम्पियशिप में खेलने को मंजूरी दे दी गई है ।
टीएजीजी ने फरवरी और मार्च में इन टूर्नामेंटों में भाग लेने के लिये उन्हें 21 लाख 20 हजार रूपये की सहायता मंजूर की है ।
ताइक्वांडो खिलाड़ी रूपा बायोर को भी सितंबर तक फिजियोथेरेपी, स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग कार्यक्रम के लिये आर्थिक सहायता दी जायेगी । वह इस समय विश्व रैंकिंग में छठे स्थान पर है ।
कराटे में भुवनेश्वरी जाधव रोम, चीन और स्पेन में मार्च अप्रैल में तीन स्पर्धाओं में भाग लेगी जिसे मंजूरी मिल गई है।
वह मार्च में ताशकंद में विदेशी कोच सुलेमान शरीफोविच के मार्गदर्शन में अभ्यास करेंगे । उन्हें करीब 20 लाख रूपये की सहायता मंजूर की गई है जिसमें कोच कीर्तन कोंद्रू और अभ्यास साझेदार के लिये सहायता शामिल है ।
कराटे खिलाड़ी एलिशा और उनके कोच को भी दो स्पर्धाओं में भाग लेने के लिये सहायता मंजूर की गई है ।
भाषा मोना नमिता
नमिता

Facebook


