दिल्ली में विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रांप्री में 250 से अधिक एथलीट करेंगे चुनौती पेश

दिल्ली में विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रांप्री में 250 से अधिक एथलीट करेंगे चुनौती पेश

दिल्ली में विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रांप्री  में 250 से अधिक एथलीट करेंगे चुनौती पेश
Modified Date: March 9, 2026 / 08:58 pm IST
Published Date: March 9, 2026 8:58 pm IST

नयी दिल्ली, नौ मार्च (भाषा) विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री के दूसरे सत्र का आगाज 11 मार्च से होगा, जिसमें आठ देशों के लगभग 250 खिलाड़ी शीर्ष सम्मान के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे।

तेरह मार्च तक चलने वाले इस टूर्नामेंट से भारत एक बार फिर वैश्विक पैरा खेलों के केंद्र में होगा।

इस प्रतियोगिता में भारत, रूस, नेपाल, भूटान, हांगकांग, सर्बिया, बोस्निया और मिस्र के खिलाड़ी भाग लेंगे जो मेजबान देश में पैरा एथलेटिक्स की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय उपस्थिति को दर्शाता है।

इस प्रतियोगिता में भारत अपना सबसे बड़ा दल उतारेगा जिसमें लगभग 219 खिलाड़ी विभिन्न ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाओं तथा अलग-अलग खेल वर्गों में हिस्सा लेंगे।

ग्रांप्री में भारत के कई शीर्ष पैरा एथलीटों के उतरने की उम्मीद है, जिनमें पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता मरियाप्पन थंगावेलु, पैरालंपिक चैंपियन और विश्व रिकॉर्ड धारक सुमित अंतिल तथा पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता प्रवीण कुमार शामिल हैं।

प्रतियोगिता के दौरान कुल 74 अंतरराष्ट्रीय वर्गीकरण स्लॉट उपलब्ध होंगे, जिनमें 39 शारीरिक दिव्यांगता वाले खिलाड़ियों के लिए, 29 दृष्टिबाधित खिलाड़ियों के लिए और छह बौद्धिक दिव्यांगता वाले खिलाड़ियों के लिए होंगे।

भारतीय पैरालंपिक समिति के अध्यक्ष देवेंद्र झाझरिया ने इस प्रतियोगिता के बारे में कहा, “250 से अधिक खिलाड़ियों और आठ देशों की भागीदारी के साथ यह टूर्नामेंट भारत में पैरा एथलेटिक्स की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा को दर्शाता है।”

उन्होंने कहा, “219 खिलाड़ियों वाला मजबूत भारतीय दल दुनिया के कुछ बेहतरीन पैरा एथलीटों के साथ प्रतिस्पर्धा करते हुए महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय अनुभव हासिल करेगा।”

भाषा आनन्द नमिता

नमिता


लेखक के बारे में