‘मेरा समय सीमित’, कार्लसन ने आयोजकों को भविष्य के बारे में सोचने की सलाह दी

‘मेरा समय सीमित’, कार्लसन ने आयोजकों को भविष्य के बारे में सोचने की सलाह दी

‘मेरा समय सीमित’, कार्लसन ने आयोजकों को भविष्य के बारे में सोचने की सलाह दी
Modified Date: September 4, 2026 / 04:17 pm IST
Published Date: September 4, 2026 4:17 pm IST

बेंगलुरु, चार सितंबर (भाषा) शतरंज के बेताज बादशाह मैग्नस कार्लसन को खेल के विकास और नए प्रारूपों के साथ प्रयोग करने में मजा आता है, लेकिन उन्हें लगता है कि शीर्ष स्थान पर उनका समय ‘सीमित’ है।

उन्होंने कहा कि आयोजकों को शतरंज का भविष्य उनकी पसंद के हिसाब से तय नहीं करना चाहिए।

पांच बार के विश्व चैंपियन कार्लसन ने क्लासिकल विश्व चैंपियनशिप चक्र से खुद को अलग कर लिया है। अब वह ‘ग्लोबल चेस लीग’ (जीसीए) के चौथे सत्र में फिर से प्रतिस्पर्धा करते नजर आएंगे।

कार्लसन के नाम शतरंज इतिहास की सबसे ऊंची 2882 रेटिंग का रिकॉर्ड है और वह अब भी फिडे रैंकिंग में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी हैं। यहां बातचीत के दौरान कार्लसन ने कहा, ‘‘देखिए, मुझे लगता है कि इन दिनों शतरंज की दुनिया में कई सकारात्मक चीजें हो रही हैं। ’’

जब उनसे पूछा गया कि पिछले पांच-छह वर्षों में नए प्रशंसकों और नए प्रारूपों का उभरना क्या अब उनके लिए प्रेरणा का कारण बन रहा है, तो कार्लसन ने कहा, ‘‘पिछले पांच-छह वर्षों में दुनियाभर में शतरंज में बहुत से नए प्रशंसक जुड़े हैं और हम अब भी यह तलाश रहे हैं कि खेल को प्रस्तुत करने के लिए कौन सा प्रारूप सबसे बेहतर है। ’’

कार्लसन जीसीएल में एल्पाइन एपीएल पाइपर्स का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘मेरे लिए इन नए प्रयोगों और बदलावों का हिस्सा बनना दिलचस्प है, लेकिन यह जरूरी नहीं कि मेरा सबसे बड़ा लक्ष्य यही हो।’’

नॉर्वे के स्टार खिलाड़ी ने कहा कि अलग-अलग टूर्नामेंट को लेकर उनकी प्रेरणा में उतार-चढ़ाव होता रहता है। हालांकि उन्होंने कहा कि आयोजकों को उनके सक्रिय खिलाड़ी के रूप में सीमित समय को देखते हुए अपनी योजनाएं उनके इर्द-गिर्द नहीं बनानी चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं टूर्नामेंट को लेकर प्रेरित रहता हूं, कभी ज्यादा, तो कभी कम। यह इस बात से साफ दिखाई देता है कि मैं अलग-अलग टूर्नामेंटों में किस तरह खेलता हूं। ’’

पैंतीस साल के कार्लसन ने कहा, ‘‘लेकिन अब स्थिति ऐसी ही है। शतरंज के भविष्य के लिए ज्यादा महत्वपूर्ण यह है कि आप (आयोजक) सिर्फ इसलिए कोई प्रयोग या योजना नहीं बनाएं कि मैं क्या करना चाहता हूं या मुझे किस चीज से प्रेरणा मिलती है। मेरे सक्रिय खिलाड़ी के रूप में बने रहने का समय भी काफी सीमित है। ’’

कार्लसन ने साफ किया कि वह अभी भी प्रतिस्पर्धा करने के लिए उत्सुक हैं और खास तौर पर जीसीएल में खेलने को लेकर उत्साहित हैं। लीग का रैपिड प्रारूप उन्हें पसंद है और यह उनके खेल के अनुकूल भी है।

उन्होंने कहा, ‘‘फिलहाल मुझे खेलना पसंद है और मैं यहां प्रतिस्पर्धा करने को लेकर उत्साहित हूं। इसका टाइम प्रारूप उस प्रारूप के समान है, जिसमें हाल में मुझे सफलता मिली थी। ’’

भाषा नमिता पंत

पंत


लेखक के बारे में