नबी ने जम्मू-कश्मीर के लिए सात विकेट लिए, लेकिन मध्यप्रदेश ने वापसी की

नबी ने जम्मू-कश्मीर के लिए सात विकेट लिए, लेकिन मध्यप्रदेश ने वापसी की

नबी ने जम्मू-कश्मीर के लिए सात विकेट लिए, लेकिन मध्यप्रदेश ने वापसी की
Modified Date: February 7, 2026 / 06:44 pm IST
Published Date: February 7, 2026 6:44 pm IST

इंदौर, सात फरवरी (भाषा) जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शनिवार को यहां पूर्व चैंपियन मध्य प्रदेश के सात विकेट लेकर अपनी टीम को रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल के दूसरे दिन पहली पारी में बढ़त दिलाई।

जम्मू-कश्मीर के 29 वर्षीय तेज गेंदबाज नबी ने 40 रन देकर सात विकेट लिए और अकेले दम पर मध्य प्रदेश को 152 रन पर ढेर कर दिया। इससे जम्मू-कश्मीर को पूर्व रणजी चैंपियन के खिलाफ पहली पारी में 42 रन की बढ़त मिली।

हालांकि इसके बावजूद जम्मू-कश्मीर अब भी मुश्किल में है क्योंकि दूसरी पारी में उसने स्टंप तक 84 रन पांच विकेट गंवा दिए थे। इससे उसकी कुल बढ़त सिर्फ 126 रन की है।

इंडियन प्रीमियर लीग के आगामी सत्र के लिए दिल्ली कैपिटल्स के साथ कई करोड़ का करार हासिल करने के बाद नबी जोश में थे। उन्होंने दिन में बेहतरीन खेल दिखाया और शीर्ष के साथ मध्यक्रम में कहर बरपाया। उन्होंने 14वें ओवर में हर्ष गावड़ी (10) और हिमांशु मंत्री (0) को आउट करके शुरूआत की।

तीन गेंदों के अंदर इन दो झटकों से मध्यप्रदेश का स्कोर दो विकेट पर 34 रन था। जो जल्द ही तीन विकेट पर 39 रन हो गया जब बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सुनील कुमार (47 रन देकर तीन विकेट) ने शुभम शर्मा के स्टंप उखाड़ दिए।

इसके बाद नबी के कप्तान रजत पाटीदार (10) और वेंकटेश अय्यर (22) को आउट करके दबाव और बढ़ा दिया।

उन्होंने 48वें ओवर में लगातार गेंदों पर आर्यन पांडे और रामवीर गुर्जर को शून्य पर आउट करके अपने स्पेल का अंत किया जिससे मध्य प्रदेश पूरी तरह से बिखर गया।

जम्मू-कश्मीर की दूसरी पारी की शुरुआत भी उतनी ही निराशाजनक रही। पहली पारी में पांच विकेट लेने वाले मध्यप्रेश के तेज गेंदबाज कुलदीप सेन (25 रन देकर दो विकेट) ने जोरदार वापसी की।

भारतीय ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर ने पहली पारी में विकेट नहीं मिलने के बाद दूसरी पारी में शानदार वापसी करते हुए 10 रन देकर दो विकेट लिए। इससे प्रतिद्वंद्वी टीम 26 ओवर में 84 रन पर पांच विकेट गंवा चुकी थी।

पहली पारी में पिछड़ने की निराशा के बावजूद मध्य प्रदेश ने मैच में वापसी की और अगर उनके बल्लेबाज दूसरी पारी में बेहतर प्रदर्शन करते हैं तो वे जीत दर्ज कर सकते हैं।

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में