नागल क्वार्टर फाइनल में पहुंचे, दक्षिणेश्वर बाहर

नागल क्वार्टर फाइनल में पहुंचे, दक्षिणेश्वर बाहर

नागल क्वार्टर फाइनल में पहुंचे, दक्षिणेश्वर बाहर
Modified Date: September 30, 2026 / 01:47 pm IST
Published Date: September 30, 2026 1:47 pm IST

नागोया, 30 सितंबर (भाषा) भारत के टेनिस खिलाड़ी सुमित नागल ने बुधवार को यहां एशियाई खेलों के पुरुष एकल क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली जबकि दक्षिणेश्वर सुरेश तीसरे दौर में हारकर बाहर हो गए।

सातवीं वरीयता प्राप्त और विश्व रैंकिंग में 249वें स्थान पर काबिज नागल ने उज्बेकिस्तान के सर्गेई फोमिन को सीधे सेट में 6-3, 6-2 से हराकर अंतिम आठ में प्रवेश किया।

नागल ने फोमिन के खिलाफ मुकाबले में शुरू से नियंत्रण बनाए रखा और सीधे सेटों में जीत दर्ज की।

अब उनका सामना तीसरी वरीयता प्राप्त चीन के यीबिंग वू से होगा जो विश्व रैंकिंग में 111वें स्थान पर हैं।

नागल और वू इससे पहले 2024 शंघाई मास्टर्स में एक बार आमने-सामने हुए थे जहां भारतीय खिलाड़ी को चीनी खिलाड़ी के खिलाफ 3-6, 3-6 से हार मिली थी।

दूसरी ओर दक्षिणेश्वर को तीसरे दौर में चीनी ताइपे के छठी वरीयता प्राप्त चुन शिन सेंग के हाथों 3-6, 4-6 से हार का सामना करना पड़ा।

भारतीय खिलाड़ी ने मंगलवार को इंडोनेशिया के गुनावान त्रिस्मुवंतारा को सीधे सेटों में हराकर अंतिम 16 में जगह बनाई थी।

भारत के पुरुष युगल अभियान को भी झटका लगा जब एन श्रीराम बालाजी और बाएं हाथ के अनिरुद्ध चंद्रशेखर की जोड़ी को चीन के फुमिन चियांग और तियानहुई जियांग के खिलाफ कड़े क्वार्टर फाइनल में 7-6, 6-7, 8-10 से हार मिली।

भारतीय जोड़ी ने पहला सेट टाईब्रेकर में जीता लेकिन चीन की जोड़ी ने वापसी करते हुए मुकाबले को निर्णायक मैच टाईब्रेकर तक पहुंचाया और उसे 10-8 से अपने नाम कर लिया।

भारत की युकी भांबरी और दक्षिणेश्वर की एक अन्य पुरुष युगल जोड़ी बुधवार को ही अपना क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेलेगी।

भाषा सुधीर पंत

पंत


लेखक के बारे में