कुश्ती की आयु वर्ग की राष्ट्रीय चैंपियनशिप 11 फरवरी से ग्वालियर में

Ads

कुश्ती की आयु वर्ग की राष्ट्रीय चैंपियनशिप 11 फरवरी से ग्वालियर में

  •  
  • Publish Date - January 20, 2024 / 06:25 PM IST,
    Updated On - January 20, 2024 / 06:25 PM IST

नयी दिल्ली, 20 जनवरी (भाषा) भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) का कामकाज देख रही तदर्थ समिति ने शनिवार को घोषणा की कि अंडर 15 और अंडर 20 राष्ट्रीय चैंपियनशिप का आयोजन 11 से 17 फरवरी तक ग्वालियर में किया जाएगा।

समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह बाजवा ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा,‘‘इन प्रतियोगिताओं का आयोजन ग्वालियर के शक्तिनगर में स्थित लक्ष्मीबाई शारीरिक शिक्षा राष्ट्रीय संस्थान किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में लगभग 1200 पहलवान और 300 अधिकारी हिस्सा लेंगे।’’

भारतीय कुश्ती में सत्ता के लिए संघर्ष खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है तथा तदर्थ समिति और निलंबित डब्ल्यूएफआई ने अलग-अलग राष्ट्रीय चैंपियनशिप की घोषणा की है।

डब्ल्यूएफआई ने घोषणा की थी कि 2023 की आयु वर्ग की राष्ट्रीय चैंपियनशिप दिसंबर के अंतिम सप्ताह में उत्तर प्रदेश के गोंडा में आयोजित की जाएगी लेकिन इससे पहले 24 दिसंबर को खेल मंत्रालय ने महासंघ को निलंबित कर दिया था।

डब्ल्यूएफआई ने इसके साथ ही घोषणा की थी कि सीनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप 29 जनवरी से पुणे में होगी लेकिन तदर्थ समिति ने कहा कि वह इस प्रतियोगिता का आयोजन 2 से 5 फरवरी के बीच जयपुर में करेगी।

भाषा

पंत नमिता

नमिता