‘एनसीएए’ के अनुभव ने प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार किया: राष्ट्रमंडल खेलों पर सेल्वा प्रभु

Ads

‘एनसीएए’ के अनुभव ने प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार किया: राष्ट्रमंडल खेलों पर सेल्वा प्रभु

  •  
  • Publish Date - July 20, 2026 / 06:38 PM IST,
    Updated On - July 20, 2026 / 06:38 PM IST

मुंबई, 20 जुलाई (भाषा) राष्ट्रमंडल खेलों से सीनियर स्तर पर पदार्पण की तैयारी कर रहे भारतीय त्रिकूद खिलाड़ी सेल्वा प्रभु का मानना है कि अमेरिका के ‘एनसीएए (नेशनल कॉलेजिएट एथलेटिक एसोसिएशन)’ सर्किट में मिली कड़ी प्रतिस्पर्धा ने उन्हें एक बेहतर और अधिक संपूर्ण खिलाड़ी के रूप में विकसित किया है।

सेल्वा विश्व अंडर-20 चैम्पियनशिप के रजत पदक विजेता और एनसीएए चैम्पियन रह चुके हैं

सेल्वा ने सोमवार को यहां जारी विज्ञप्ति में कहा, ‘‘एनसीएए में प्रतिस्पर्धा करने से मेरे खेल के हर पहलू में सुधार हुआ है। वहां प्रतिस्पर्धा का स्तर बेहद ऊंचा है, जिसने मुझे तकनीकी, शारीरिक और मानसिक रूप से बेहतर बनने के लिए प्रेरित किया। बेहतरीन कोचों के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण और हर सप्ताह विश्वस्तरीय खिलाड़ियों के साथ मुकाबले ने मेरा आत्मविश्वास बढ़ाया है और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए मुझे अधिक तैयार किया है।’’

अपने पहले सीनियर बहु-खेल आयोजन में भारत का प्रतिनिधित्व करने को गर्व का क्षण बताते हुए सेल्वा ने कहा कि राष्ट्रीय जर्सी पहनना सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है।

उन्होंने कहा, ‘‘सीनियर स्तर के अपने पहले बहु-खेल आयोजन में भारत का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है। लंबे समय से मेरा सपना था कि ऐसे मंच पर भारतीय जर्सी पहनूं। मुझे यह अवसर मिलने पर गर्व है। मेरा लक्ष्य अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना, देश का नाम रोशन करना और दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धा का महत्वपूर्ण अनुभव हासिल करना है।’’

भाषा

आनन्द मोना

मोना