न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन अपने पहले बच्चे के जन्म के लिए स्वदेश लौटेंगे

Ads

न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन अपने पहले बच्चे के जन्म के लिए स्वदेश लौटेंगे

  •  
  • Publish Date - February 15, 2026 / 10:54 AM IST,
    Updated On - February 15, 2026 / 10:54 AM IST

अहमदाबाद, 15 फरवरी (भाषा) न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन अपने पहले बच्चे के जन्म के समय अपनी पत्नी के साथ रहने के लिए रविवार को स्वदेश लौटेंगे और इस कारण से टी20 विश्व कप के ग्रुप डी में कनाडा के खिलाफ टीम के अंतिम लीग मैच में नहीं खेल पाएंगे।

न्यूजीलैंड के मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने कहा कि फर्ग्यूसन को टीम में बनाए रखने की योजना है ताकि टीम के सुपर आठ में पहुंचने पर उनकी सेवाओं का उपयोग किया जा सके।

न्यूजीलैंड ने अपने पहले दोनों मैच में जीत हासिल की थी लेकिन उसे शनिवार को यहां दक्षिण अफ्रीका से सात विकेट से हार का सामना करना पड़ा। वह अपना अंतिम लीग मैच मंगलवार को चेन्नई में कनाडा के खिलाफ खेलेगा।

न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) के एक बयान में वाल्टर ने कहा, ‘‘यह लॉकी और एम्मा के लिए बेहद रोमांचक समय है और हमें खुशी है कि वह इतने खास मौके पर घर पर मौजूद रहेंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इस समय हम टीम में लॉकी की जगह किसी और को नहीं लेंगे क्योंकि योजना के अनुसार वह टूर्नामेंट के सुपर आठ चरण के लिए वापसी करेंगे। लेकिन हमारे रिजर्व खिलाड़ी बेन सियर्स और कोल मैककॉन्ची जरूरत पड़ने पर टीम में शामिल होने के लिए तैयार हैं।’’

चौतीस वर्षीय फर्ग्यूसन ने अब तक खेले गए तीन मैचों में 108 रन देकर चार विकेट लिए हैं।

न्यूजीलैंड फिलहाल ग्रुप डी में चार अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है।

भाषा

पंत

पंत