निश्चल और लेमटूर ने नगालैंड के खिलाफ तमिलनाडु को नहीं दिया जीत का मौका

Ads

निश्चल और लेमटूर ने नगालैंड के खिलाफ तमिलनाडु को नहीं दिया जीत का मौका

  •  
  • Publish Date - October 28, 2025 / 06:45 PM IST,
    Updated On - October 28, 2025 / 06:45 PM IST

बेंगलुरू, 27 अक्टूबर (भाषा) नगालैंड के सलामी बल्लेबाज देगा निश्चल और इमलीवती लेमटूर ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजी के बूते मंगलवार को चौथे और अंतिम दिन यहां रणजी ट्रॉफी ग्रुप ए मैच में तमिलनाडु को जीत से वंचित करते हुए मुकाबला ड्रॉ कराया।

साई किशोर की अगुवाई वाली तमिलनाडु की टीम हालांकि पहली पारी में बढ़त के आधार पर तीन अंक हासिल करने में सफल रही लेकिन पूर्वोत्तर की टीम नगालैंड की टीम मैच के दूसरे दिन बायें हाथ के तेज गेंदबाज गुरजपनीत सिंह की हैट्रिक से महज नौ रन पर तीन विकेट गंवाने के बावजूद पारी की हार को टालने में सफल रही।

युवा बाएं हाथ के बल्लेबाज प्रदोष रंजन पॉल के दोहरे शतक (201) और सलामी बल्लेबाज विमल खुमार के 189 रनों की बदौलत तमिलनाडु ने अपनी पहली पारी तीन विकेट पर 512 रनों के विशाल स्कोर के साथ घोषित कर दी थी।

नगालैंड के निश्चल (175) और लेमटूर (146) ने लगभग दो दिन तक गेंदबाजों को बिना कोई मौका दिये धैर्य से बल्लेबाजी करते हुए तमिलनाडु के गेंदबाजों को पसीना बहाने पर मजबूर कर दिया। नगालैंड ने पहली पारी में 157.4 ओवर में 446 रन बनाये जिससे मैच के परिणाम निकलने की गुंजाइश नहीं बची।

निश्चल ने दिन की शुरुआत 161 रन से की जबकि लेमटूर ने 115 रन से आगे खेलना शुरू किया। निश्चल बीते दिन के स्कोर में 14 रन जोड़ कर दायें हाथ के तेज गेंदबाज आरएस अंबरीश का शिकार बने।

छठे विकेट के लिए 230 रन की साझेदारी टूटने के बाद तमिलनाडु को मैच में वापसी की उम्मीद थी लेकिन लेमटूर ने एक छोर से संभाले रखा और पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ लगभग 21 ओवर बल्लेबाजी करने के बाद आउट होने वाले आखिरी बल्लेबाज रहे।

कानपुर में खेले गये ग्रुप के अन्य मैच में उत्तर प्रदेश ने पहली पारी में बढ़त के आधार पर ओडिशा के खिलाफ तीन अंक हासिल किये।

ओडिशा की पहली पारी में 243 रन के जवाब में उत्तर प्रदेश ने करण शर्मा (121) और आराध्या यादव (101) के शतकों के बूते छह विकेट पर 409 रन पर पहली पारी घोषित की।

उत्तर प्रदेश ने जीत दर्ज करने के इरादे से पहली पारी जल्दी घोषित की लेकिन सलामी बल्लेबाज स्वास्तिक सामल के नाबाद 71 रन से ओडिशा ने दूसरी पारी में तीन विकेट पर 151 रन बनाये।

विजयनगर में बड़ौदा और आंध्र के बीच मैच के आखिरी दो दिनों में कोई खेल नहीं हो पाया। बड़ौदा की पहली पारी में 363 रन के जवाब में आंध्र ने दो विकेट पर 43 रन बनाये थे। दोनों टीमों को 1-1 अंक से संतोष करना पड़ा।

मौजूदा चैंपियन विदर्भ ने नागपुर में झारखंड के खिलाफ पहली पारी में बढ़त से तीन अंक हासिल किये। झारखंड के 332 रन के जवाब में विदर्भ ने अमन मोखाडे (176), यश राठौड़ (नाबाद 101), रविकुमार समर्थ (63) और अक्षय कर्णेवार (नाबाद 57) की शानदार बल्लेबाजी से पांच विकेट पर 492 रन बनाये।

भाषा आनन्द सुधीर

सुधीर