पहले ही मैच में शीर्ष क्रम के प्रदर्शन पर घबराने की जरूरत नहीं: कुलदीप
पहले ही मैच में शीर्ष क्रम के प्रदर्शन पर घबराने की जरूरत नहीं: कुलदीप
नयी दिल्ली, तीन अप्रैल (भाषा) दिल्ली कैपिटल्स के स्पिनर कुलदीप यादव ने शुक्रवार को कहा कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में पहले ही मैच के बाद शीर्ष क्रम के खराब प्रदर्शन को लेकर घबराने की कोई जरूरत नहीं है।
दिल्ली कैपिटल्स ने टूर्नामेंट के पहले मैच में शीर्ष क्रम के चरमराने के बाद समीर रिजवी और ट्रिस्टन स्टब्स की मैच विजयी साझेदारी से छह विकेट से जीत हासिल की।
केएल राहुल पहली ही गेंद पर शून्य पर आउट हो गए जबकि पाथुम निसांका को रन बनाने में मुश्किल हुई और नीतिश राणा आक्रामक खेल दिखाने की कोशिश में आउट हो गए।
मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच की पूर्व संध्या पर कुलदीप ने कहा, ‘‘नीतिश कई साल से खेल रहे हैं और आईपीएल के अनुभवी खिलाड़ी हैं। निसांका को आप जानते हैं कि वह किस तरह के बल्लेबाज हैं और कितने काबिल हैं। मुझे लगता है कि इसमें घबराने की कोई जरूरत नहीं है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ऐसी कोई बात भी नहीं हुई। यह पहला मैच था। निश्चित रूप से आप एक अच्छी शुरुआत चाहते हैं लेकिन कभी-कभी ऐसा नहीं होता। मुझे भरोसा है कि आने वाले मैचों में वे अच्छा प्रदर्शन करेंगे। ’’
कुलदीप ने कहा, ‘‘ तो अभी ‘पैनिक बटन’ दबाने की जरूरत नहीं है। जब हम पांच में से पांच मैच हारेंगे तो शायद यह बटन दबाया जाएगा। ’’
दिल्ली की टीम पिछले सत्र में अपने घर पर फिरोजशाह कोटला में अपने पांच में से चार मैच हार गई थी लेकिन कुलदीप ने वापसी का भरोसा जताया।
उन्होंने कहा, ‘‘हम अच्छा क्रिकेट खेलेंगे और पांच में से पांच मैच भी जीतेंगे। और टीम में (चार मैच हारने) के बारे में कोई चर्चा नहीं हुई है। ’’
भाषा
नमिता मोना
मोना

Facebook


