वैभव सूर्यवंशी जो आज कर रहे हैं, वैसा पहले कभी किसी ने नहीं किया: हरभजन

वैभव सूर्यवंशी जो आज कर रहे हैं, वैसा पहले कभी किसी ने नहीं किया: हरभजन

वैभव सूर्यवंशी जो आज कर रहे हैं, वैसा पहले कभी किसी ने नहीं किया: हरभजन
Modified Date: July 22, 2026 / 02:48 pm IST
Published Date: July 22, 2026 2:48 pm IST

नयी दिल्ली, 22 जुलाई (भाषा) भारत के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को ‘अविश्वसनीय’ प्रतिभा बताते हुए कहा कि वह अपने खेल में निर्भीक अंदाज से ऐसा कर रहे हैं जो पहले कभी किसी खिलाड़ी ने नहीं किया।

हरभजन ने ‘जियोस्टार’ से बातचीत में कहा कि सूर्यवंशी का अपनी स्वाभाविक शैली पर भरोसा करना आधुनिक क्रिकेट की बदलती सोच को दर्शाता है जहां खिलाड़ियों को खुलकर अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।

उन्होंने कहा, ‘‘आज के युवाओं और पहले के युवाओं में सबसे बड़ा अंतर मीडिया और सोशल मीडिया की पहुंच का है। पहले भी ऐसी चीजें होती थीं, लेकिन आज उन्हें कहीं अधिक तवज्जो मिलती है। ’’

इस पूर्व स्पिनर ने कहा, ‘‘वैभव सूर्यवंशी आज जिस तरह का खेल दिखा रहे हैं, वैसा पहले कभी किसी ने नहीं किया। वह अविश्वसनीय हैं, बेहद शानदार प्रतिभा हैं। मुझे नहीं लगता कि मैंने कभी ऐसी प्रतिभा देखी है या उसका सामना किया है। ’’

हरभजन ने इस दौरान भारत के पूर्व मुख्य कोच राहुल द्रविड़ से जुड़ा एक किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि द्रविड़ ने सूर्यवंशी से पूछा था कि वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) करियर की पहली गेंद पर क्या करेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि सबसे बड़ा बदलाव यह है कि अब लोग निडर सोच वाले खिलाड़ियों और उनके अपने तरीके से खेलने के नजरिए को स्वीकार कर रहे हैं। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘राहुल द्रविड़ उस टीम के कोच थे। उन्होंने सूर्यवंशी से पूछा, ‘पहली गेंद पर क्या करोगे?’ उसने जवाब दिया, ‘अगर पहली गेंद मेरे शॉट खेलने की पहुंच में होगी, तो मैं उसे स्मैश करूंगा।’ और उसने ठीक वैसा ही किया। अपने आईपीएल करियर की पहली ही गेंद पर उसने शार्दुल ठाकुर के खिलाफ छक्का जड़ा था। ’’

भाषा नमिता मोना

मोना


लेखक के बारे में