लिवरपूल, 20 सितंबर (भाषा) हैवीवेट मुक्केबाज नूपुर श्योराण ने मौजूदा विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में भारत के लिए पहला पदक सुनिश्चित किया जब बुधवार को यहां उन्होंने उज्बेकिस्तान की ओल्टीनॉय सोतिमबोएवा को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई जबकि दो बार की चैंपियन निकहत जरीन को क्वार्टरफाइनल में हार का सामना करना पड़ा।
निकहत को तुर्की की काकिरोग्लू बुसे नाज ने 5-0 से शिकस्त दी।
महान मुक्केबाज हवा सिंह की पोती नूपुर ने चैंपियनशिप के अपने पहले मुकाबले में अपनी प्रतिद्वंद्वी को 4-1 से हराकर 80 किग्रा से अधिक वर्ग के अंतिम चार में प्रवेश किया। इस वर्ग में सिर्फ 10 मुक्केबाज हिस्सा ले रहे हैं।
इस जीत के साथ नूपुर ने कम से कम कांस्य पदक पक्का कर लिया।
मंगलवार रात जादुमणि सिंह (48 किग्रा) और अभिनाश जामवाल (65 किग्रा) ने आसान जीत के साथ पुरुष क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया था।
हालांकि जुगनू अहलावत (85 किग्रा) का अभियान स्कॉटलैंड के रॉबर्ट मैकनल्टी के खिलाफ पहले दौर में हार के साथ समाप्त हो गया।
भाषा नमिता
नमिता