बेंगलुरू के खिलाफ जीत दर्ज करना चाहेगा ओडिशा एफसी

Ads

बेंगलुरू के खिलाफ जीत दर्ज करना चाहेगा ओडिशा एफसी

  •  
  • Publish Date - December 16, 2020 / 12:47 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:35 PM IST

बेम्बोलिम, 16 दिसंबर (भाषा) ओडिशा एफसी की टीम गुरूवार को जीएमसी स्टेडियम में इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के सातवें सत्र के अपने छठे मैच में पूर्व चैम्पियन बेंगलुरू एफसी के खिलाफ जीत दर्ज करके अपना भाग्य बदलना चाहेगी।

ओडिशा के खाते में पिछले पांच मैचों से केवल एक ही अंक है। टीम ने अब तक केवल दो ही गोल किए हैं और दोनों गोल उसने जमशेदपुर एफसी के खिलाफ थे। अब कल उसके सामने एक ऐसी टीम होगी, जो इस सत्र में अब तक अजेय चल रही है।

कोच स्टुअर्ट बॉक्सटर चाहते हैं कि उनकी टीम और अधिक आक्रमण करे। बॉक्सटर ने कहा, ‘‘ हमें निश्चित रूप से बॉल पजेशन के साथ आक्रमण करने में बेहतर होना चाहिए। अगर हम लय हासिल करते हैं और प्रतिद्वंद्वी को इससे दूर रखते हैं तो हमें इससे मदद मिलेगी।’’

ओडिशा का डिफेंस काम नहीं कर रहा है और टीम अब तक सात गोल खा चुकी है। टीम को लगभग प्रत्येक मैच में गोल खाने पड़े हैं।

दूसरी तरफ, बेंगलुरु ने अपने पिछले मैच में केरला ब्लास्टर्स के खिलाफ चार गोल दागे थे। बेंगलुरु के कोच कार्लेस कुआड्रार्ट चाहेंगे कि उनकी टीम वैसा ही प्रदर्शन जारी रखे।

कुआड्रार्ट ने कहा, ‘‘ मैं अपने खिलाड़ियों को जानता हूं। वे प्रतिस्पर्धी हैं और निश्चित रूप से वे तीन अंक प्राप्त करने का प्रयास करेंगे। हम कभी भी आईएसएल में किसी भी टीम के खिलाफ शालीन नहीं होते क्योंकि हम जानते हैं कि लीग में कोई भी टीम किसी भी टीम को हरा सकती है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ निश्चित रूप से, ओडिशा जैसी टीमें बहुत खतरनाक हैं। हम सभी इसके प्रति सचेत हैं। हम जानते हैं कि वे अंक के लिए लड़ रहे हैं, लेकिन यह अब तक नहीं हुआ है।’’ भाषा नमिता मोना

मोना