भुवनेश्वर, 30 मई (भाषा) ओडिशा जिम्नास्टिक संघ (ओजीए) के सचिव अशोक कुमार साहू ने संघ के आधिकारिक लेटरहेड पर दिवंगत अध्यक्ष समीर डे के नाम के लगातार इस्तेमाल को लेकर माफी मांगी है और इसे “अनजाने में हुई गलती” बताया है।
यह माफी उस रिपोर्ट के बाद आई है, जिसमें बताया गया था कि राष्ट्रीय जिम्नास्टिक चैंपियनशिप से जुड़े बिल ऐसे लेटरहेड पर जारी किए गए, जिनमें नवंबर 2024 में दिवंगत हो चुके समीर डे का नाम अध्यक्ष के रूप में दर्ज था।
हाल ही में संपन्न हुई राष्ट्रीय जिम्नास्टिक चैंपियनशिप इसी महीने के अंत में आयोजित की गई थी, जिसमें यह मामला सामने आया।
सचिव अशोक कुमार साहू ने एक बयान में कहा, “मैं, अशोक कुमार साहू, मानद सचिव, ओडिशा जिम्नास्टिक संघ, विभिन्न मीडिया रिपोर्टों का संज्ञान लेता हूं, जिनमें हमारे दिवंगत अध्यक्ष श्री समीर डे का नाम लेटरहेड पर होने की बात कही गई है। यह एक अनजाने में हुई गलती थी।”
उन्होंने आगे कहा, “हमारा संघ पारदर्शिता के साथ कार्य करता है। इस त्रुटि के लिए मैं खेद व्यक्त करता हूं और हम इसे जल्द से जल्द सुधारेंगे।”
इस बीच ओडिशा के खेल एवं युवा सेवा विभाग के आयुक्त-सह-सचिव को सौंपी गई एक शिकायत में यह भी सवाल उठाया गया है कि संघ ने 2026 राष्ट्रीय जिम्नास्टिक चैंपियनशिप के लिए राज्य सरकार से लगभग 98 लाख रुपये कैसे प्राप्त किए, जबकि 1.96 करोड़ रुपये से अधिक के बिल और दस्तावेजों पर अब दिवंगत हो चुके अध्यक्ष का नाम दर्ज है।
साहू ने पहले कहा था कि उपाध्यक्ष धीरेन पांडा वर्तमान में संघ के प्रभारी के रूप में कार्य कर रहे हैं, लेकिन नए लेटरहेड न छपने के कारण पुराने दस्तावेजों का उपयोग जारी रहा।
उन्होंने यह भी संकेत दिया था कि लगभग दो दशक से कार्यरत मौजूदा समिति को अगस्त तक भंग किया जाएगा और राष्ट्रीय खेल संहिता के अनुरूप नए चुनाव कराए जाएंगे।
भाषा
आनन्द
आनन्द