लाहौर, 25 फरवरी (भाषा) पाकिस्तान की हॉकी टीम मिस्र में होने वाले विश्व कप क्वालीफायर टूर्नामेंट के लिए ख्वाजा जुनैद को अंतरिम मुख्य कोच नियुक्त करने से नाखुश है जिन्हें राष्ट्रीय महासंघ की एक जांच समिति ने 2023 में आजीवन प्रतिबंधित कर दिया था।
पाकिस्तान हॉकी महासंघ (पीएचएफ) के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘अंतरिम अध्यक्ष मुहयुद्दीन वानी ने जुनैद को विश्व कप क्वालीफायर से पहले बहुत कम समय होने के कारण अंतरिम मुख्य कोच नियुक्त किया है।’’
पीएचएफ के एक विश्वसनीय सूत्र ने बताया कि खिलाड़ी ओलंपियन जुनैद की नियुक्ति से खुश नहीं हैं। उन्होंने महासंघ से कम से कम क्वालीफाइंग टूर्नामेंट के लिए नीदरलैंड के रहने वाले कोच रोलेंट ओल्टमन्स को नियुक्त करने का अनुरोध किया था।
सूत्र ने बताया, ‘‘कप्तान अम्माद बट ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी से भी संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन वह उनसे संपर्क नहीं कर पाए।’’
उन्होंने कहा कि सीनियर और जूनियर टीमों के मुख्य कोच के रूप में जुनैद के पिछले रिकॉर्ड को देखते हुए वह खिलाड़ियों की पहली पसंद नहीं थे।
पीएचएफ की एक स्वतंत्र जांच समिति ने जुनैद को 2023 में हॉकी से संबंधित सभी गतिविधियों से आजीवन प्रतिबंधित कर दिया था, क्योंकि उन्हें जापान और पाकिस्तान के बीच एशिया कप के एक मैच में गड़बड़ी करने का दोषी पाया गया था। पाकिस्तान इस मैच में हार गया था और ओलंपिक के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाया था।
भाषा
पंत नमिता
नमिता