पाकिस्तान के क्षेत्ररक्षण कोच मैकडरमॉट ने वेस्टइंडीज और इंग्लैंड दौरे पहले टीम का साथ छोड़ा
पाकिस्तान के क्षेत्ररक्षण कोच मैकडरमॉट ने वेस्टइंडीज और इंग्लैंड दौरे पहले टीम का साथ छोड़ा
लाहौर, 12 जुलाई (भाषा) पाकिस्तान के क्षेत्ररक्षण कोच शेन मैकडरमॉट ने एक साल तक काम करने के बाद वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के आगामी दौरे से ठीक पहले इस्तीफा दे दिया है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के एक सूत्र ने बताया कि मैकडरमॉट टीम के साथ इन दौरों पर नहीं जाएंगे।
पीसीबी ऑस्ट्रेलिया के इस कोच की जगह मंसूर अमजद को नियुक्त करने का इच्छुक है, जिन्होंने शाहीन (पाकिस्तान ए टीम) और अंडर-19 टीमों के साथ काम किया है।
सूत्र ने कहा, ‘‘मंसूर पाकिस्तान शाहीन और अंडर-19 टीम के क्षेत्ररक्षण कोच रहे हैं, उनके मैकडरमॉट की जगह लेने की संभावना है।’’
पाकिस्तान सोमवार को वेस्टइंडीज के लिए रवाना होगा जहां उसे दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेलनी है। टीम उसके बाद तीन टेस्ट मैचों के लिए इंग्लैंड जाएगी।
पीसीबी ने मैकडरमॉट के इस्तीफे का कोई कारण नहीं बताया है। यह पाकिस्तान क्रिकेट में किसी विदेशी कोच के बिना किसी स्पष्ट कारण के अपना काम छोड़ने का एक और मामला है।
इससे पहले फिजियो क्लिफ डीकन, मुख्य कोच गैरी कर्स्टन और जेसन गिलेस्पी के इस्तीफे शामिल हैं।
पिछले कुछ वर्षों में पाकिस्तान क्रिकेट में कई विदेशी कोच और फिजियो आए और गए हैं। इनमें सबसे विवादित मामला स्टीव रिक्सन का इस्तीफा था, जिन्होंने 2019 में बोर्ड के साथ मतभेदों के कारण पद छोड़ दिया था।
भाषा
आनन्द नमिता
नमिता

Facebook


