पंड्या पीठ में जकड़न के कारण सुपर जाइंट्स के खिलाफ मुकाबले से बाहर, रोहित की वापसी
पंड्या पीठ में जकड़न के कारण सुपर जाइंट्स के खिलाफ मुकाबले से बाहर, रोहित की वापसी
मुंबई, चार मई (भाषा) खराब फॉर्म से जूझ रहे मुंबई इंडियन्स के कप्तान हार्दिक पंड्या सोमवार को पीठ में जकड़न के कारण लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ अपनी टीम के करो या मरो के इंडियन प्रीमियर लीग मैच से बाहर हो गए जबकि रोहित शर्मा की टीम में वापसी हुई है।
भारत के टी20 अंतरराष्ट्रीय कप्तान सूर्यकुमार यादव टॉस के लिए आए और बताया कि वह बीमार पंड्या की जगह कप्तानी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
टीम के बयान में कहा गया, ‘‘हार्दिक पंड्या पीठ में खिंचाव के कारण अस्वस्थ हैं इसलिए आज के मैच के लिए कप्तान सूर्यकुमार यादव होंगे।’’
कप्तान और खिलाड़ी के तौर पर पंड्या के लिए आईपीएल 2026 भुला देने वाला रहा है क्योंकि पिछले साल ग्रुप चरण में चौथे स्थान पर रहने के बाद मुंबई इंडियन्स अब टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर है। मुंबई ने अब तक अपने नौ मैच में से दो जीते हैं और सात गंवाए हैं।
पंड्या ने मौजूदा सत्र में अब तक 186 रन बनाए हैं और चार विकेट लिए हैं।
बीमार होने के कारण पंड्या इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ भी एक मैच नहीं खेल पाए थे जिसमें टीम की कप्तानी सूर्यकुमार ने की थी।
इस बीच रोहित का नाम टीम सूची में पांच ‘इम्पैक्ट सब’ खिलाड़ियों में शामिल है। रोहित 12 अप्रैल के बाद पहली बार टीम में वापसी कर रहे हैं। उस दिन मुंबई और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच हुए मैच के दौरान उनके पैर की मांसपेशियों में चोट लग गई थी।
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द

Facebook


