पीसीबी ने इंग्लैंड दौरे पर अनुशासन और आचरण को लेकर शुरू की आंतरिक जांच

पीसीबी ने इंग्लैंड दौरे पर अनुशासन और आचरण को लेकर शुरू की आंतरिक जांच

पीसीबी ने इंग्लैंड दौरे पर अनुशासन और आचरण को लेकर शुरू की आंतरिक जांच
Modified Date: September 7, 2026 / 04:01 pm IST
Published Date: September 7, 2026 4:01 pm IST

लाहौर, सात सितंबर (भाषा) इंग्लैंड दौरे पर पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों के अनुशासन को लेकर बढ़ती मीडिया अटकलों के बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने सोमवार को आंतरिक जांच शुरू करने की घोषणा की।

इंग्लैंड के खिलाफ शुरुआती दो टेस्ट में करारी हार के बाद पाकिस्तान ने अपने सात खिलाड़ियों को स्वदेश वापस बुला लिया था।

पीसीबी के मीडिया प्रमुख आमिर मीर ने एक बयान में जांच की जानकारी दी लेकिन उन्होंने कथित अनुशासनहीनता या उससे जुड़े खिलाड़ियों के बारे में कोई स्पष्ट विवरण नहीं दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘मीडिया में अनुशासन और आचरण से संबंधित खबरों के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आंतरिक अनुशासनात्मक जांच शुरू की है। इन मामलों की फिलहाल आंतरिक स्तर पर समीक्षा की जा रही है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ पीसीबी ऐसे मामलों को अपनी निर्धारित प्रक्रिया के तहत देखता है। जांच बोर्ड के नियमों के अनुसार की जा रही है और इसमें संबंधित सभी व्यक्तियों के पक्ष पर उचित रूप से विचार किया जाएगा।’’

पीसीबी ने मोहम्मद रिजवान, इमाम-उल-हक और सलमान अली आगा जैसे अनुभवी खिलाड़ियों समेत सात क्रिकेटरों को इंग्लैंड दौरे से वापस बुला लिया था। शृंखला का तीसरा और अंतिम टेस्ट नौ सितंबर से शुरू होगा।

पाकिस्तान के पूर्व टेस्ट कप्तान मोहम्मद यूसुफ ने भी एक टीवी कार्यक्रम में कहा कि टीम के ड्रेसिंग रूम में ‘निश्चित रूप से कुछ समस्या’ थी जिसके चलते पीसीबी को कार्रवाई करना पड़ा।

यूसुफ ने कहा, ‘‘मैं यह कदम उठाने का साहस दिखाने के लिए बोर्ड को श्रेय देता हूं। इन खिलाड़ियों को वापस बुलाना जरूरी था, क्योंकि टीम को दुरुस्त करना आवश्यक था।’’

पीसीबी के अधिकारी ने कहा कि फिलहाल मीडिया में चल रही अटकलों और अपुष्ट दावों को विश्वसनीय नहीं माना जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘खास तौर पर बाहरी विरोधी स्रोतों’ से आ रही खबरों पर भरोसा नहीं किया जाना चाहिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पीसीबी इस मामले पर इससे आगे कोई टिप्पणी नहीं करेगा।

इस बीच पाकिस्तानी मीडिया में व्यापक रूप से खबरें सामने आई हैं कि लॉर्ड्स में दूसरे टेस्ट में हार के बाद होटल लौटने पर खिलाड़ियों के मोबाइल फोन की सुरक्षा अधिकारियों ने जांच की थी।

रिपोर्ट के मुताबिक इन मोबाइल उपकरणों से डेटा भी डाउनलोड किया गया था।

भाषा आनन्द मोना

मोना


लेखक के बारे में