नयी दिल्ली, 12 मार्च (भाषा) ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज हरफनमौला एलिस पेरी की महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) टी20 में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) ने मंगलवार को यहां मुंबई इंडियन्स को 19 ओवर में 113 रन पर आउट कर दिया।
पेरी ने चार ओवर में 15 रन देकर छह विकेट झटके जिससे मुंबई की टीम सिर्फ दूसरी बार इस लीग में ऑल आउट हुई।
पेरी की शानदार गेंदबाजी के सामने मुंबई ने 13वें ओवर में 82 रन तक सात विकेट गंवा दिये थे।
पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर हेली मैथ्यूज (26) और संजीवन संजना (30) ने छह ओवर में 43 रन की साझेदारी कर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। मैथ्यूज ने शुरुआती ओवरों में आक्रामक तेवर दिखाते हुए चार चौके और दो छक्के जड़े।
उन्होंने इस दौरान तीसरे ओवर में रेणुका सिंह के खिलाफ चौका और छक्का लगाया। पारी का आगाज करने पहुंची संजना ने सोफी मोलिनेक्स पर दो चौके लगाये।
सोफी डिवाइन ने छठे ओवर की आखिरी गेंद पर मैथ्यूज को आउट कर आरसीबी को पहली सफलता दिलायी।
संजना ने इस गेंदबाज के खिलाफ चौका और फिर छक्का लगाया।
पैरी ने इसके बाद लगातार अंतराल पर छह विकेट झटके। उन्होंने संजना और हरमनप्रीत कौर को आउट कर मुंबई का स्कोर नौ ओवर में तीन विकेट पर 65 रन कर दिया।
उन्होंने इसके बाद 11वें ओवर में अमेलिया केर (दो) और अमनजोत कौर (चार) को पवेलियन की राह दिखायी। इस गेंदबाज ने अपने आखिरी ओवर में पूजा वस्त्राकर (छह) और नैट सिवर ब्रंट (10) को आउट कर मुंबई की वापसी की राह मुश्किल कर दी।
यास्तिका भाटिया की जगह एकादश में शामिल विकेटकीपर प्रियंका बाला ने 18 गेंद में नाबाद 19 रन बनाकर टीम के स्कोर को 113 रन तक पहुंचाया।
भाषा आनन्द पंत
पंत