कोलंबो, 10 अगस्त (भाषा) भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक का मानना है कि श्रीलंका क्रिकेट एकादश के खिलाफ खेला गया अभ्यास मैच टीम की तैयारियों के लिहाज से नियमित अभ्यास से कहीं अधिक उपयोगी साबित हुआ।
भारत ने इस मुकाबले में छह विकेट से जीत दर्ज की।
कोलंबो के ‘नॉनडेस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब मैदान’ पर खेले गए अभ्यास मैच में भारत ने 207 रन के लक्ष्य को चार विकेट खोकर हासिल कर लिया। भारत ने इस मुकाबले से 15 अगस्त से शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला के लिए अपनी तैयारियों को पुख्ता किया।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा साझा किए गए वीडियो में कोटक ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि यह अभ्यास मैच बहुत अच्छा और बेहद उपयोगी रहा। अगर आप चार दिन और अभ्यास करते तो भी मुझे नहीं लगता कि उसका उतना फायदा होता, जितना इस अभ्यास मैच से हुआ।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ गेंदबाजों ने अच्छी गति और लाइन-लेथ के साथ गेंदबाजी की और बल्लेबाजों को भी मैच जैसी परिस्थितियों में बल्लेबाजी करने का मौका मिला। टीम ने यह भी सुनिश्चित किया कि गेंदबाजों को बल्लेबाजी का अवसर मिले और सभी गेंदबाजों को अपनी जरूरत के मुताबिक पर्याप्त गेंदबाजी भार मिल सके।’’
कोटक के अनुसार, कुल मिलाकर यह अभ्यास बेहद प्रभावी रहा।
कोटक ने पहली पारी में तेजतर्रार 38 रन बनाकर नाबाद रहने वाले गुरनूर बराड़ और पारी के अंत में चार छक्के जड़ने वाले मोहम्मद सिराज की बल्लेबाजी की भी सराहना की।
उन्होंने कहा, “गुरनूर और सिराज के छक्के निश्चित रूप से खास रहे, लेकिन मुझे लगता है कि देवदत्त पडिक्कल ने भी बहुत अच्छी बल्लेबाजी की। गुरनूर ने जिस तरह गेंदबाजी की और हमारे तेज गेंदबाजों ने ऐसी पिच पर काफी मेहनत की, जहां गेंदबाजों के लिए ज्यादा मदद नहीं थी, वह भी सराहनीय रहा।’’
कोटक ने कहा, ‘‘यह कुल मिलाकर बहुत अच्छा अभ्यास मैच था, लेकिन मेरे लिए देवदत्त पडिक्कल की नाबाद 142 रन की पारी भी बेहद प्रभावशाली रही।’’
भाषा
आनन्द नमिता
नमिता