पीएनबी के ‘सोल्जरथॉन’ में 27,000 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया

पीएनबी के ‘सोल्जरथॉन’ में 27,000 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया

पीएनबी के ‘सोल्जरथॉन’ में 27,000 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया
Modified Date: April 5, 2026 / 09:10 pm IST
Published Date: April 5, 2026 9:10 pm IST

नयी दिल्ली, पांच अप्रैल (भाषा) सैनिकों, खिलाड़ियों, फिटनेस प्रेमियों और विभिन्न क्षेत्रों के लोगों सहित 27,000 से अधिक प्रतिभागियों ने पीएनबी (पंजाब नेशनल बैंक) ‘सोल्जरथॉन 2026’ दौड़ में भाग लिया।

इस आयोजन में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता को भी याद किया गया, जो देश के बहादुर सैनिकों के साहस और समर्पण का प्रतीक है।

सत्यम ने पुरुषों की हाफ मैराथन (21.1 किमी) में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि नीता रानी ने महिलाओं में शीर्ष स्थान हासिल किया। गौरव 10 किमी दौड़ में पुरुषों की श्रेणी में विजेता रहे, जबकि संजना सिंह महिलाओं में प्रथम स्थान पर रहीं।

भारतीय सशस्त्र बलों के सहयोग से ‘रन विद सोल्जर्स – रन फॉर सोल्जर्स’ थीम पर आयोजित इस मैराथन को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में मिजोरम के राज्यपाल विजय कुमार सिंह और नौसेना प्रमुख दिनेश कुमार त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

पीएनबी की ओर से जारी विज्ञप्ति में मिजोरम के राज्यपाल ने कहा, ‘‘यह देखकर खुशी होती है कि एक अग्रणी बैंक सक्रिय रूप से खेल और फिटनेस को बढ़ावा दे रहा है, जिससे स्वास्थ्य, अनुशासन और सामुदायिक भागीदारी के बारे में व्यापक जनमानस को एक सशक्त और सकारात्मक संदेश मिल रहा है।’’

एडमिरल त्रिपाठी ने कहा कि यह कार्यक्रम देश के सशस्त्र बलों के साहस और बलिदान को एक उपयुक्त श्रद्धांजलि थी।

उन्होंने कहा, ‘‘इस तरह के कार्यक्रम न केवल फिटनेस और अनुशासन को बढ़ावा देते हैं, बल्कि हमारे सशस्त्र बलों के अटूट साहस और बलिदान को एक सशक्त श्रद्धांजलि भी देते हैं। नागरिकों को इतनी बड़ी संख्या में एक साथ आते देखना उत्साहजनक है। यह एकता, दृढ़ता और राष्ट्रीय गौरव की भावना को दर्शाता है।’’

भाषा आनन्द नमिता

नमिता


लेखक के बारे में