पोंटिंग ने अर्शदीप के प्रदर्शन को बताया असाधारण

Ads

पोंटिंग ने अर्शदीप के प्रदर्शन को बताया असाधारण

  •  
  • Publish Date - April 17, 2026 / 05:20 PM IST,
    Updated On - April 17, 2026 / 05:20 PM IST

नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (भाषा) पंजाब किंग्स के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग ने अर्शदीप सिंह के खराब दौर की अटकलों को खारिज करते हुए मुंबई इंडियंस के खिलाफ टीम की सात विकेट की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले इस बाएं हाथ के तेज गेंदबाज की कार्यशैली की सराहना की।

अर्शदीप ने बृहस्पतिवार को अपने शुरुआती स्पैल में शानदार गेंदबाजी करते हुए रयान रिकेल्टन और सूर्यकुमार यादव को आउट किया और फिर आखिरी ओवरों में शेरफेन रदरफोर्ड को पवेलियन भेजा।

आईपीएल के मौजूदा सत्र में अर्शदीप की शुरुआत चुनौतीपूर्ण रही है। उन्हें शुरुआती तीन मैचों में कोई विकेट नहीं मिला, लेकिन सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस के खिलाफ क्रमशः 50 रन पर दो विकेट और 22 रन पर तीन विकेट के आंकड़ों के साथ उन्होंने शानदार वापसी की।

पोंटिंग ने मैच के बाद ‘ड्रेसिंग रूम डायरीज’ में कहा, ‘‘हम अक्सर खिलाड़ियों के लय हासिल करने की बात करते हैं, लेकिन अर्शदीप ने पहले ओवर में शानदार लय दिखाते हुए गेंद को स्विंग कराया और प्रतिद्वंद्वी टीम को बैकफुट पर धकेल दिया। उनका यह प्रदर्शन असाधारण था।’’

ऑस्ट्रेलिया के इस पूर्व कप्तान ने कहा, ‘‘अर्श, मुझे पता है कि तुम इसे अपना खराब दौर मान रहे हो, लेकिन हममें से कोई ऐसा नहीं सोचता। पिछले कुछ दिनों में तुमने जो मेहनत की, उसका परिणाम आज देखने को मिला। पहली ही गेंद से सटीक लाइन-लेंथ, शुरुआती दो विकेट और अंत में आकर अच्छी गेंदबाजी करना—यह तुम्हारी मेहनत का प्रमाण है।’’

उन्होंने गेंदबाजी इकाई की तारीफ करते हुए बीच के ओवरों में शशांक सिंह के योगदान की सराहना की।

पोंटिंग ने कहा, ‘‘गेंदबाजों ने शानदार काम किया। वापसी करने की क्षमता अहम रही। ऐसा लग रहा था कि विपक्षी टीम 200 से ज्यादा का स्कोर बना सकती है, लेकिन शैंकी (शशांक) के कुछ ओवरों ने मैच का रुख बदल दिया।’’

पंजाब किंग्स ने 196 रन के लक्ष्य को 16.3 ओवर में हासिल कर लिया। सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह ने 39 गेंदों में नाबाद 80 रन बनाए, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर ने 35 गेंदों में 66 रन की पारी खेली।

बल्लेबाजी की प्रशंसा करते हुए पोंटिंग ने कहा, ‘‘हमारी बल्लेबाजी के लिए शब्द कम पड़ रहे हैं। प्रभ, तुम्हारी खास तारीफ करनी होगी। पावरप्ले में तुम्हें ज्यादा स्ट्राइक नहीं मिली, लेकिन उसके बाद तुमने बेहद कौशल, धैर्य और समझदारी से बल्लेबाजी की। मैंने तुम्हें इससे बेहतर खेलते हुए शायद ही कभी देखा है।’’

मुंबई इंडियंस पर यह जीत टीम की इस सत्र में चौथी जीत रही और वह नौ अंकों के साथ अंकतालिका में शीर्ष पर है। हालांकि, पंजाब किंग्स अब तक आईपीएल खिताब नहीं जीत पाई है।

पोंटिंग ने कहा, ‘‘हमें पता है कि अगर हम अपने सर्वश्रेष्ठ के करीब खेलते रहे, तो हम लगातार मैच जीतते रहेंगे। मौजूदा स्थिति पर हमें गर्व होना चाहिए, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हम रुक जाएं। हमें हर दिन खुद को और बेहतर बनाने के बारे में सोचना होगा।’’

पंजाब किंग्स अब 19 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ अगला मुकाबला खेलेगी।

भाषा

आनन्द मोना

मोना