प्रभसिमरन का अर्धशतक, पंजाब ने मुंबई को 201 रन का लक्ष्य दिया

Ads

प्रभसिमरन का अर्धशतक, पंजाब ने मुंबई को 201 रन का लक्ष्य दिया

  •  
  • Publish Date - May 14, 2026 / 09:24 PM IST,
    Updated On - May 14, 2026 / 09:24 PM IST

धर्मशाला, 14 मई (भाषा) सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह के अर्धशतक के बाद शारदुल ठाकुर की धारदार गेंदबाजी बावजूद पंजाब किंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग में बृहस्पतिवार को यहां मुंबई इंडियन्स के खिलाफ आठ विकेट पर 200 रन बनाए।

प्रभसिमरन (57 रन, 32 गेंद, छह चौके, चार छक्के) ने अर्धशतक जड़ने के अलावा प्रियांश आर्य (22) के साथ पहले विकेट के लिए 50 और कूपर कोनोली (21) के साथ दूसरे विकेट के लिए 57 रन जोड़कर पंजाब को ठोस मंच प्रदान किया लेकिन शारदुल (39 रन पर चार विकेट) ने बीच के ओवरों में मुंबई को जोरदार वापसी दिलाई।

दीपक चाहर ने भी 36 रन देकर दो विकेट चटकाए। अजमतुल्लाह उमरजई ने हालांकि अंत में 17 गेंद में दो चौकों और चार छक्कों से 38 रन की पारी खेलकर टीम का स्कोर 200 रन तक पहुंचाया।

टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरे पंजाब किंग्स को प्रभसिमरन और प्रियांश आर्य (22) ने पहले विकेट के लिए 5.3 ओवर में 50 रन जोड़कर प्रभावी शुरुआत दिलाई।

प्रियांश ने चाहर पर चौके से खाता खोला जबकि प्रभसिमरन ने मुंबई की कप्तानी कर रहे जसप्रीत बुमराह पर दो चौके मारे। प्रभसिमरन हालांकि इस बीच भाग्यशाली भी रहे जब स्लिप में नमन धीर ने उनका आसान कैच टपका दिया।

प्रियांश ने भी बुमराह पर दो चौके मारे लेकिन चाहर की गेंद पर बोल्ड हो गए।

प्रभसिमरन ने इस बीच शारदुल का स्वागत तीन चौकों के साथ किया।

प्रभसिमरन को 28 रन के स्कोर पर दूसरा जीवनदान मिला जब कोर्बिन बॉश ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच टपका दिया।

कूपर कोनोली ने आठवें ओवर में रघु शर्मा पर पारी का पहला छक्का जड़ा और फिर विल जैक्स पर भी दो चौके मारे।

प्रभसिमरन ने भी रघु पर लगातार दो छक्के जड़े और फिर बॉश पर छक्के और एक रन के साथ 29 गेंद में अर्धशतक पूरा किया।

पंजाब के रनों का शतक 11वें ओवर में पूरा हुआ।

शारदुल ने इसके बाद प्रभसिमरन और कप्तान श्रेयस अय्यर (04) को तीन गेंद के भीतर आउट करके पंजाब को दोहरा झटका दिया।

शारदुल पर छक्का जड़ने के बाद प्रभसिमरन ने अगली गेंद पर शॉट दोहराने की कोशिश की लेकिन मिड विकेट पर बॉश को कैच दे बैठे।

अय्यर ने शारदुल पर चौके से खाता खोला लेकिन अगली गेंद पर बोल्ड हो गए।

राज बावा ने अगले ओवर में कोनोली (21) को बोल्ड करके पंजाब का स्कोर चार विकेट पर 111 रन किया।

सूर्यांश शेडगे भी आठ रन बनाने के बाद शारदुल की गेंद पर बावा के हाथों लपके गए।

अजमतुल्लाह उमरजई ने बॉश पर छक्का जड़ा लेकिन इस तेज गेंदबाज ने शशांक सिंह (02) को पगबाधा कर दिया।

पंजाब ने 15 ओवर में छह विकेट पर 135 रन बनाए।

शारदुल ने इसके बाद मार्को यानसेन (02) को भी पगबाधा किया।

पारी के 18वें ओवर में उमरजई (38) ने चाहर की लगातार गेंदों पर चौका और दो छक्के मारे लेकिन अगली गेंद पर जैक्स को कैच दे बैठे।

भाषा सुधीर नमिता

नमिता