प्रसिद्ध ने दिए झटके,श्रीलंका के लंच तक चार विकेट पर 130 रन

प्रसिद्ध ने दिए झटके,श्रीलंका के लंच तक चार विकेट पर 130 रन

प्रसिद्ध ने दिए झटके,श्रीलंका के लंच तक चार विकेट पर 130 रन
Modified Date: August 25, 2026 / 12:34 pm IST
Published Date: August 25, 2026 12:34 pm IST

कोलंबो, 25 अगस्त (भाषा) प्रसिद्ध कृष्णा ने अपनी तेजी और अतिरिक्त उछाल पैदा करने की क्षमता का शानदार नमूना पेश करके अभी तक तीन विकेट झटके हैं जिससे श्रीलंका ने भारत के खिलाफ दूसरे और अंतिम टेस्ट क्रिकेट मैच के तीसरे दिन मंगलवार को यहां अपनी पहली पारी में चार विकेट पर 130 रन बनाए।

भारत ने अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 503 रन बनाकर समाप्त घोषित की थी। इस तरह से श्रीलंका उससे अभी 373 रन पीछे है।

लंच के समय पासिंदु सूरियाबंडारा 65 और कप्तान धनंजय डिसिल्वा चार रन पर खेल रहे थे।

श्रीलंका ने सुबह दो विकेट पर आठ रन से आगे खेलना शुरू किया और पहले सत्र में 122 रन जोड़े। इस दौरान ऋषभ पंत की जगह क्षेत्ररक्षण करने आए सरफराज खान, मोहम्मद सिराज और श्रीलंकाई बल्लेबाजों के बीच हुई जुबानी जंग से यह सत्र और भी रोमांचक हो गया।

प्रसिद्ध (35 रन देकर तीन विकेट) ने दिन के सातवें ओवर में ही अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे कामिल मिसारा (19) को विकेट के पीछे कैच करा दिया। प्रसिद्ध की तेजी से उठती गेंद को मिसारा नहीं समझ पाए। गेंद उनके बल्ले को चूमकर विकेटकीपर ध्रुव जुरेल के हाथों में चली गई।

लेकिन सूरियाबंडारा और कामिंदु मेंडिस (32) ने भारत को लगभग दो घंटे तक विकेट से महरूम रखा। इन दोनों बल्लेबाजों ने मानव सुथार और अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे सारांश जैन को हावी नहीं होने दिया।

ऑफ स्पिनर जैन ने कुछ उछाल और टर्न हासिल किया लेकिन श्रीलंका के बल्लेबाजों को परेशानी में नहीं डाल सके। सूरियाबंडारा और मेंडिस ने चौथे विकेट के लिए 87 रन जोड़े।

इसमें अपना दूसरा टेस्ट खेल रहे सूरियाबंडारा का योगदान महत्वपूर्ण रहा। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज में 76 गेंद पर अपना पहला अर्धशतक पूरा किया।

दूसरी ओर, मेंडिस ने मानव सुथार की गेंद पर मिड-विकेट के ऊपर से छक्का लगाकर अपने इरादे स्पष्ट किए। प्रसिद्ध ने लंच से ठीक पहले तेजी से उछाल लेती गेंद पर मेंडिस को मिड विकेट पर खड़े रविंद्र जडेजा के हाथों कैच कराकर यह साझेदारी तोड़ी।

भाषा

पंत

पंत


लेखक के बारे में